गौचर : 36 वर्ष की सेवा के बाद सेवानिवृत्त हुए प्रदीप चंद्र नौटियाल, दी गई भावभीनी विदाई

Team PahadRaftar

केएस असवाल गौचर (चमोली)। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) गौचर में समाजशास्त्र प्रवक्ता के पद पर कार्यरत वरिष्ठ शिक्षाविद् प्रदीप चंद्र नौटियाल के अधिवर्षिता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त होने पर संस्थान परिवार ने उन्हें भावभीनी विदाई दी। इस अवसर पर आयोजित गरिमामय समारोह में अधिकारियों, संकाय सदस्यों, कर्मचारियों, प्रशिक्षुओं और परिजनों ने उनके 36 वर्षों के उल्लेखनीय शैक्षिक योगदान को याद किया।

संस्थान सभागार में आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने श्री नौटियाल की कार्यनिष्ठा, अनुशासन और विद्यार्थियों के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए उन्हें शिक्षा जगत की प्रेरणादायी हस्ती बताया। बताया गया कि उन्होंने 1 दिसंबर 1989 को जनता हाईस्कूल जयपुर कोलसों में सहायक अध्यापक गणित के पद से अपनी सेवाएं शुरू की थीं। बाद में 27 जनवरी 2001 को जनता इंटर कॉलेज जयपुर कोलसों में प्रवक्ता समाजशास्त्र पद पर पदोन्नत हुए। वर्ष 2008 से उन्होंने डायट गौचर में अपनी सेवाएं दीं और विभिन्न शैक्षिक एवं प्रशिक्षण गतिविधियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

समारोह को संबोधित करते हुए डायट प्राचार्य एवं प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी आकाश सारस्वत ने कहा कि किसी भी कर्मचारी की सेवानिवृत्ति की तिथि उसके विभाग में प्रवेश के साथ ही तय हो जाती है, लेकिन उसका वास्तविक मूल्यांकन उसके कार्यों और समाज के प्रति योगदान से होता है। उन्होंने कहा कि शिक्षक कभी सेवानिवृत्त नहीं होता, बल्कि अपने ज्ञान और अनुभव से जीवनभर समाज का मार्गदर्शन करता रहता है। उन्होंने श्री नौटियाल के योगदान को प्रेरणास्रोत बताते हुए उनके स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन की कामना की।

अपने संबोधन में प्रदीप चंद्र नौटियाल भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि 36 वर्षों के सेवाकाल में उन्हें शिक्षा जगत के अनेक अनुभव प्राप्त हुए और उन्होंने सदैव विद्यार्थियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति केवल सरकारी सेवा से होती है, शिक्षा और समाज सेवा से नहीं। आगे भी वे शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाते रहेंगे।

कार्यक्रम में मुख्य प्रशासनिक अधिकारी राजेश सती, वीरेंद्र सिंह कठैत, रविंद्र सिंह बर्त्वाल, भगत सिंह कंडवाल, बचन जितेला, सुबोध कुमार डिमरी, डॉ. गजपाल राज, नीतू सूद, योगेंद्र सिंह बर्त्वाल, मृणाल जोशी, सुमन भट्ट, मुकेश सिंह राणा, श्रेया कंडारी, ममता रावत, दीपिका और मयंक काला सहित अनेक संकाय सदस्य एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। वहीं, उनके पुत्र डॉ. मयंक नौटियाल, अनुज शशिकांत नौटियाल, भानु प्रकाश मैठाणी तथा डीएलएड प्रथम एवं तृतीय सेमेस्टर के प्रशिक्षुओं ने भी समारोह में भाग लिया।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. कमलेश कुमार मिश्र ने किया। अंत में संस्थान परिवार की ओर से प्रदीप चंद्र नौटियाल को स्मृति चिन्ह एवं सम्मान स्वरूप उपहार भेंट कर भावभीनी विदाई दी गई।

Leave a Reply

Next Post

चमोली : नीति अल्ट्रा रन में दिगम्बर का दम, 75 किमी दौड़ जीतकर लहराया परचम

रिमखिम से नीति तक दुर्गम ट्रैक पर दिखाई अद्भुत क्षमता, सीमांत घाटी में गूंजा चमोली का नाम संजय कुंवर संवाददाता, मलारी (चमोली) : चीन सीमा से सटी नीति घाटी में आयोजित नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन के पहले दिन चमोली के धावक दिगम्बर कुंवर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 75 किलोमीटर […]

You May Like