नंदानगर : नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपित दबोचा

Team PahadRaftar

घटना के बाद से फरार चल रहे युवक को नंदानगर पुलिस ने कुरूड़ पुल के पास से पकड़ा

 नंदानगर : नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपित को नंदानगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपित ने वर्ष 2025 में नाबालिग को बहला-फुसलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया था। घटना का खुलासा तब हुआ, जब पीड़िता गर्भवती पाई गई।

पुलिस के अनुसार, इस संबंध में 30 जनवरी 2026 को थाना नंदानगर में पीड़िता के स्वजन की ओर से तहरीर दी गई थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने प्रदीप सिंह रावत, निवासी घूनी, नंदानगर, के खिलाफ धारा 64(1)(2) बीएनएस तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 5J(2)/6 के तहत मुकदमा दर्ज किया था। मामले की विवेचना महिला उपनिरीक्षक मीता गुसाईं को सौंपी गई थी।

मामला नाबालिग से जुड़ा होने के कारण पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने आरोपित की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसके बाद पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी और उसकी तलाश में जुटी थी।

इसी क्रम में पुलिस ने 28 मार्च 2026 को आरोपित को सुतोल टैक्सी स्टैंड, कुरूड़ पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपित घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित को आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है। चमोली पुलिस ने कहा है कि महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Next Post

चमोली : शिखर पर बेटियां : छिनका की अर्निका ने जीता गोल्ड

छोटे गांव से निकलकर एचएनबी केंद्रीय गढ़वाल विश्वविद्यालय में प्रथम रहीं, गोल्ड मेडल से हुईं सम्मानित केएस असवाल  गोपेश्वर : चमोली जनपद के दशोली ब्लॉक अंतर्गत छिनका गांव की होनहार बेटी अर्निका सती ने यह साबित कर दिया है कि प्रतिभा किसी बड़े शहर या संसाधनों की मोहताज नहीं होती। सामान्य […]

You May Like