
महा बन्याथ में उमड़ा आस्था का सैलाब, सातवें दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़
लक्ष्मण नेगी
ऊखीमठ : तल्लानागपुर क्षेत्र के अंतर्गत आयोजित ऐतिहासिक महा बन्याथ में श्रद्धालुओं की आस्था चरम पर पहुंच गई है। 25 वर्षों बाद हो रहे इस नौ दिवसीय धार्मिक आयोजन के सातवें दिन दूर-दराज़ से पहुंचे श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा क्षेत्र भक्ति रस में डूबा नजर आया।

यज्ञ में आहुति, गूंजे जयकारे
सातवें दिन श्रद्धालुओं ने यज्ञ में आहुति देकर पुण्य अर्जित किया। वैदिक मंत्रोच्चार और देवी-देवताओं के जयकारों से वातावरण गुंजायमान रहा। महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में भजन-कीर्तन करती नजर आईं, जिससे आयोजन स्थल पूरी तरह भक्तिमय हो उठा।
शंकराचार्य की उपस्थिति रही खास
कार्यक्रम में की गरिमामयी उपस्थिति प्रमुख आकर्षण रही। उन्होंने अपने प्रवचन में कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार करते हैं और लोगों को धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। इस दौरान दीक्षा पार्टीज के चेयरमैन कुलदीप रावत ने भी पूजा-अर्चना में भाग लिया।

कल निकलेगी भव्य जल कलश यात्रा
महा बन्याथ के तहत गुरुवार को भव्य जल कलश यात्रा निकाली जाएगी। इसमें सैकड़ों कन्याएं सिर पर कलश धारण कर विभिन्न मार्गों से होते हुए यज्ञ स्थल तक पहुंचेंगी। यात्रा को लेकर क्षेत्र में खासा उत्साह बना हुआ है।
तुंगेश्वर मंदिर समिति के अध्यक्ष मानवेन्द्र बर्त्वाल ने बताया कि जल कलश यात्रा इस आयोजन का मुख्य आकर्षण होगी और इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
व्यवस्थाओं की सराहना
आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए भंडारा, पेयजल और अन्य सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है। सचिव पूर्ण सिंह खत्री ने बताया कि लंबे अंतराल के बाद हो रहे इस आयोजन ने क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊर्जा दी है।
हर दिन बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या
समापन की ओर बढ़ रहे इस महा आयोजन में प्रतिदिन श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती जा रही है, जो इसकी लोकप्रियता और आस्था का प्रतीक है। आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों से जल कलश यात्रा में भाग लेने की अपील की है।
इस अवसर पर प्रबंधक कल्याण सिंह नेगी, उपाध्यक्ष दलवीर सिंह राणा, सह सचिव मगन सिंह नेगी, पंडित जगदंबा प्रसाद बेजवाल सहित कई जनप्रतिनिधि और सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।
सीधी बात
महा बन्याथ के माध्यम से तल्लानागपुर क्षेत्र में आस्था, संस्कृति और परंपरा का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। जल कलश यात्रा के साथ यह आयोजन और भी भव्य रूप लेने को तैयार है।

