
प्राणमति नदी पर वैली ब्रिज निर्माण का विवाद सुलझा, पूजा-अर्चना के साथ शुरू हुआ काम
थराली, गिरीश चंदोला संवाददाता। थराली-सूना-पैनगढ़ मोटरमार्ग पर प्राणमति नदी के ऊपर प्रस्तावित वैली ब्रिज निर्माण को लेकर चल रहा विवाद समाप्त हो गया है। भूमि और मुआवजा संबंधी अड़चनों के दूर होने के बाद शनिवार को विधायक भूपाल राम टम्टा की मौजूदगी में पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया।
वर्ष 2023 की आपदा में प्राणमति नदी पर बना पुल बह जाने के बाद क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। सामान्य दिनों में ग्रामीण लकड़ी की अस्थायी पुलिया के सहारे आवाजाही कर रहे थे, जबकि बरसात के दौरान थराली, सूना, पैनगढ़ और आसपास के गांवों का संपर्क पूरी तरह प्रभावित हो जाता था।
लोक निर्माण विभाग ने पुल के स्थान पर वैली ब्रिज निर्माण की योजना बनाई थी, लेकिन नदी के तेज बहाव में निर्माण सामग्री बह जाने और अधिक स्पान की समस्या के कारण कार्य आगे नहीं बढ़ पाया। बाद में देकुना तोक में नए स्थान पर निर्माण शुरू किया गया, लेकिन भूमि और मुआवजा विवाद के चलते यहां भी काम रुक गया था।
विधायक भूपाल राम टम्टा और प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद भूमि स्वामियों के साथ सहमति बनी, जिसके बाद निर्माण कार्य का रास्ता साफ हो गया। शनिवार को विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर वैली ब्रिज निर्माण का कार्य शुरू कर दिया गया।
इस मौके पर विधायक टम्टा ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को बरसात से पहले निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुल बनने से क्षेत्र के लोगों को वर्षभर सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।
निर्माण कार्य शुरू होने से थराली, सूना, देवलग्वाड़ समेत अन्य गांवों के ग्रामीणों में खुशी है। लोगों ने उम्मीद जताई कि बरसात के मौसम में अब उन्हें आवाजाही के लिए परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
कार्यक्रम में तहसीलदार अक्षय पंकज, नगर पंचायत अध्यक्ष सुनीता रावत, सभासद मोहन पंत, सभासद दिवाकर नेगी, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
