
गांव से अस्पताल तक आसमान बना रास्ता, गर्भवती की जान बची
चमोली : देवाल ब्लॉक के सुदूर गांव बलांण में एक गर्भवती महिला की तबीयत अचानक बिगड़ने पर जिला प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए उसे हेलीकॉप्टर से देहरादून भेजा। समय रहते हुए इस रेस्क्यू से महिला को बेहतर इलाज मिल सका।
जानकारी के अनुसार बलांण गांव निवासी तुलसी देवी (32) पत्नी राजेंद्र राम की अचानक तबीयत खराब हो गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना प्रशासन को दी। मामला गंभीर देखते हुए प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई शुरू की।
आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी ने बताया कि महिला की स्थिति नाजुक थी और तत्काल उच्च स्तरीय उपचार की जरूरत थी। जिलाधिकारी गौरव कुमार के निर्देश पर हेलीकॉप्टर की व्यवस्था कर महिला को देहरादून भेजा गया।
प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से महिला को समय पर इलाज मिल सका। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में हेली सेवा जरूरतमंदों के लिए वरदान साबित हो रही है।

