
गरुड़ छाड़ मेले के साथ बदरीनाथ कपाट खुलने की प्रक्रिया शुरू
संजय कुंवर
जोशीमठ : नृसिंह मंदिर में सोमवार को परंपरागत गरुड़ छाड़ मेला धूमधाम से संपन्न हुआ। इसके साथ ही के कपाट खुलने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
देव पूजाई समिति की अगुवाई में आयोजित मेले में बदरीनाथ धाम के मुख्य पुजारी रावल अमरनाथ नंबूदरी व धर्माधिकारी ने विधि-विधान से पूजाएं संपन्न कराईं। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच धार्मिक अनुष्ठान किए गए।
मान्यता है कि गरुड़ छाड़ के बाद भगवान विष्णु अपने वाहन गरुड़ पर सवार होकर बदरीनाथ धाम के लिए प्रस्थान करते हैं। इसी परंपरा के तहत हर वर्ष कपाट खुलने से पहले यह आयोजन किया जाता है।
मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। आयोजन के साथ ही क्षेत्र में चारधाम यात्रा की तैयारियां तेज हो गई हैं।

