ज्योतिर्मठ के सरस्वती विद्या मंदिर ने सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रदेश में पाया प्रथम स्थान
चमोली /खटीमा। विद्या भारती से संबद्ध भारतीय शिक्षा समिति उत्तराखंड की ओर से आयोजित प्रांतीय सांस्कृतिक महोत्सव में चमोली संकुल के छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन कर जनपद का नाम रोशन किया। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज ज्योतिर्मठ ने सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया। विद्यार्थियों ने गढ़वाल-कुमाऊं की लोक संस्कृति, लोकगीत, परंपराओं और लोकजीवन पर आधारित मनमोहक प्रस्तुति दी।

वहीं सरस्वती विद्या मंदिर गोपेश्वर के छात्र कार्तिक तिवारी ने आशु भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान, जबकि सरस्वती विद्या मंदिर कर्णप्रयाग की छात्रा अनुकृति ने कथा-कथन प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। विजेता प्रतिभागियों को मंच पर पुरस्कृत एवं सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों की उपलब्धि पर विद्यालय परिवार ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी।

