
संजय कुंवर
ज्योतिर्मठ : सीमांत नगर ज्योतिर्मठ में भारतीय संविधान के मुख्य शिल्पकार भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती मंगलवार को धूमधाम और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर नगर में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

बदरीनाथ बस स्टैंड के समीप स्थित पार्क में नगर पालिका अध्यक्ष देवेश्वरी शाह और वार्ड सदस्य ललिता देवी की अगुवाई में बाबा साहब की प्रतिमा का अनावरण किया गया। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि बाबा साहब का जीवन समाज में शिक्षा, समानता और न्याय के लिए संघर्ष की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम में विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे। सभी ने बाबा साहब की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इसी अवसर पर नगर के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने भव्य रैली निकाली। रैली में ढोल-दमाऊं और मशकबीन की थाप पर भोटिया जनजाति का पारंपरिक ‘पौना’ लोकनृत्य आकर्षण का केंद्र रहा। इससे पूरे नगर का माहौल उत्सवमय बना रहा।
