
पोखरी बैंड पर पुलिस ने कार से बरामद की 1.586 किलो चरस, कपाट बंद होने के बाद लिंक मार्ग से निकलने की कर रहे थे कोशिश
केएस असवाल
गोपेश्वर। बदरीनाथ धाम में छह माह तक स्थानीय लोगों से थोड़ी-थोड़ी मात्रा में चरस खरीदकर एकत्र करने के बाद उसे उत्तर प्रदेश के हापुड़ में खपाने की तैयारी कर रहे दो तस्करों को चमोली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पोखरी बैंड पर चेकिंग के दौरान उनकी कार से 1.586 किलोग्राम चरस बरामद की। तस्करी में प्रयुक्त टोयोटा रुमियन कार को भी सीज कर दिया गया है। दोनों आरोपी हापुड़ के रहने वाले हैं।
पुलिस के मुताबिक, 22 नवंबर को पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर गोपेश्वर पुलिस की टीम पोखरी बैंड क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट के पर्यवेक्षण और थानाध्यक्ष नवनीत भंडारी के नेतृत्व में टीम ने सफेद रंग की संदिग्ध टोयोटा रुमियन कार (यूपी37 एए 5480) को रोककर तलाशी ली। कार से 1.586 किलोग्राम चरस बरामद होने पर उसमें सवार दोनों व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
आश्रम में देखरेख के दौरान जुटाई चरस
पूछताछ में अर्जुन सिंह ने बताया कि वह पिछले करीब छह माह से बदरीनाथ क्षेत्र में एक आश्रम निर्माण संस्था से जुड़ा था और वहां देखरेख का काम करता था। इस दौरान उसने स्थानीय लोगों से थोड़ी-थोड़ी मात्रा में चरस खरीदकर एकत्र की। इसके बाद उसने अपने साथी विकास शर्मा को हापुड़ से बदरीनाथ बुलाया। पुलिस के अनुसार, विकास पहले भी एकत्र की गई चरस को बेचने के लिए हापुड़ ले जा चुका था।
दोनों कुछ दिन बदरीनाथ में साथ रहे। 22 नवंबर को धाम के कपाट बंद होने के बाद वे कार से हापुड़ के लिए रवाना हुए। बताया गया कि दोनों मुख्य हाईवे के बजाय चोपता होते हुए लिंक मार्ग से निकलने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पोखरी बैंड पर पुलिस की चेकिंग में उनकी योजना नाकाम हो गई।
हापुड़ के रहने वाले हैं दोनों आरोपी
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास शर्मा (35) पुत्र रामकुमार शर्मा, निवासी बाबूगढ़, माता मोहल्ला और अर्जुन सिंह (40) पुत्र सूरज पाल सिंह, निवासी 61 चक्र सेनेपुर, थाना बाबूगढ़, जिला हापुड़ (उत्तर प्रदेश) के रूप में की है।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर कोतवाली गोपेश्वर में मुकदमा अपराध संख्या 32/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 में मुकदमा दर्ज किया है। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष नवनीत भंडारी, कांस्टेबल सुनील चंद्र, रविंद्र, चालक कांस्टेबल प्रदीप कुकरेती तथा एसओजी के कांस्टेबल आशुतोष तिवारी और राजेंद्र रावत शामिल रहे।

