श्रीनगर : बैकुंठ चतुर्दशी मेले का आगाज, श्रीनगर को मिली साइंस सिटी और 200 करोड़ की सीवर लाइन की सौगात

Team PahadRaftar

बैकुंठ चतुर्दशी मेले का भव्य शुभारंभ, 200 करोड़ की सीवर लाइन, साइंस सिटी और नगर निगम के नए भवन की घोषणा

जसपाल नेगी 

श्रीनगर गढ़वाल। बैकुंठ चतुर्दशी मेले के शुभारंभ पर सोमवार को श्रीनगर में उत्साह और उल्लास का माहौल रहा। महापौर आरती भंडारी की अगुवाई में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का भव्य स्वागत किया गया। खुली जीप में सवार मुख्यमंत्री पर बुलडोजरों से पुष्पवर्षा की गई। ढोल-दमाऊं की गूंज और पारंपरिक वेशभूषा में सजे बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने स्वागत समारोह को यादगार बना दिया। मुख्यमंत्री ने भी श्रीनगर को विकास की कई सौगातें देते हुए करीब 200 करोड़ रुपये की सीवर लाइन, साइंस सिटी और नगर निगम के नए कार्यालय भवन की घोषणा की।

मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए नगर निगम की ओर से व्यापक तैयारियां की गई थीं। सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने फूल बरसाकर उनका अभिनंदन किया। स्कूली बच्चों ने लोक संस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियां देकर उत्तराखंड की परंपराओं की झलक दिखाई। मुख्यमंत्री ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत और विधायक विनोद कंडारी ने रिबन काटकर और गुब्बारे उड़ाकर बैकुंठ चतुर्दशी मेला एवं विकास प्रदर्शनी-2026 का शुभारंभ किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उत्पादों के स्टालों का निरीक्षण किया। पहाड़ी परंपराओं से जुड़ाव प्रदर्शित करते हुए उन्होंने सिलबट्टे पर नमक भी पीसा। इसके बाद कमलेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

शहर के विकास को लेकर महापौर ने जताया आभार

कार्यक्रम में महापौर आरती भंडारी ने कहा कि कमलेश्वर महादेव की पावन नगरी में मुख्यमंत्री का आगमन क्षेत्रवासियों के लिए गौरव का विषय है। बैकुंठ चतुर्दशी मेला श्रीनगर की धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक पहचान का प्रतीक है। नगर निगम का प्रयास है कि मेले को भव्य स्वरूप देने के साथ स्थानीय कलाकारों, महिला स्वयं सहायता समूहों और पहाड़ी उत्पादों को बेहतर मंच मिले।

उन्होंने कहा कि श्रीनगर को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक शहर बनाने के लिए नगर निगम लगातार काम कर रहा है। शहर की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने, स्वच्छता व्यवस्था सुधारने, पार्कों के सौंदर्यीकरण और जनसुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दी जा रही है। महापौर ने मुख्यमंत्री की ओर से की गई घोषणाओं के लिए आभार जताया।

श्रीनगर में बनेगी साइंस सिटी, जल्द शुरू होगी हेली सेवा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्रीनगर के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने करीब 200 करोड़ रुपये की लागत से सीवर लाइन परियोजना को जल्द धरातल पर उतारने, उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट) के माध्यम से साइंस सिटी विकसित करने और नगर निगम के नए कार्यालय भवन के निर्माण को स्वीकृति देने की बात कही। श्रीनगर से देहरादून के लिए जल्द हेली सेवा शुरू करने की घोषणा भी की।

इसके अलावा पांचों प्रयागों विष्णुप्रयाग, नंदप्रयाग, कर्णप्रयाग, रुद्रप्रयाग और देवप्रयाग में हाईटेक घाटों के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण के साथ धारी देवी मंदिर के समीप आधुनिक घाट विकसित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने बैकुंठ चतुर्दशी मेले के आयोजन के लिए सरकारी सहयोग देने की बात भी कही।

उन्होंने कहा कि श्रीनगर धार्मिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक दृष्टि से प्रदेश का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां एनआईटी का निर्माण, पैरामेडिकल एवं नर्सिंग कॉलेज की स्थापना के प्रयास तथा आधुनिक बस स्टैंड और पार्किंग जैसी योजनाएं क्षेत्र के विकास को नई दिशा देंगी। मुख्यमंत्री ने नगर निगम क्षेत्र में करीब नौ करोड़ रुपये की विकास योजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास का भी उल्लेख किया।

डाक आवरण और पुस्तक का किया विमोचन

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कमलेश्वर महादेव से संबंधित डाक आवरण का विमोचन किया। साथ ही शाइनी कृष्ण उनियाल की पुस्तक ‘मां राजराजेश्वरी चालीसा’ का विमोचन भी किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष पौड़ी रचना बुटोला, विधायक विनोद कंडारी, पौड़ी विधायक राजकुमार पोरी, जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रप्रयाग पूनम कठैत, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, एसएसपी सर्वेश पंवार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Next Post

गोपेश्वर : बदरीनाथ में छह माह तक जुटाई चरस, हापुड़ ले जाते दो तस्कर गिरफ्तार

पोखरी बैंड पर पुलिस ने कार से बरामद की 1.586 किलो चरस, कपाट बंद होने के बाद लिंक मार्ग से निकलने की कर रहे थे कोशिश केएस असवाल  गोपेश्वर। बदरीनाथ धाम में छह माह तक स्थानीय लोगों से थोड़ी-थोड़ी मात्रा में चरस खरीदकर एकत्र करने के बाद उसे उत्तर प्रदेश […]

You May Like