ऊखीमठ : मदमहेश्वर मेले में महिला मंगल दलों और स्कूली बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

Team PahadRaftar

दूसरे दिन लोकगीतों और लोकनृत्यों की रही धूम, विधायक आशा नौटियाल ने की शिरकत; प्रदेश स्तरीय महिला क्रिकेट टीम में चयनित रितिका रावत सम्मानित

लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ : द्वितीय केदार भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली के शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचने के उपलक्ष्य में जीआईसी खेल मैदान में आयोजित त्रिदिवसीय मदमहेश्वर मेले का उल्लास चरम पर पहुंचने लगा है। मेले के दूसरे दिन महिला मंगल दलों और विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। लोकगीतों, लोकनृत्यों और पारंपरिक प्रस्तुतियों ने केदारघाटी की समृद्ध लोकसंस्कृति की छटा बिखेरी।

कार्यक्रम में केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान केदारघाटी के रामपुर निवासी रितिका रावत को प्रदेश स्तरीय महिला क्रिकेट सीनियर टीम में चयनित होने पर मेला समिति की ओर से सम्मानित किया गया। अतिथियों ने उनकी उपलब्धि को क्षेत्र के लिए गौरव बताते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि मदमहेश्वर मेला धार्मिक आस्था के साथ क्षेत्र की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकता का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को अपनी कला और संस्कृति प्रदर्शित करने का मंच मिलता है। उन्होंने लोकसंस्कृति के संरक्षण और संवर्द्धन के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता जताई।

नगर पंचायत अध्यक्ष गुप्तकाशी विशेश्वरी देवी ने कहा कि सांस्कृतिक आयोजन लोक परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम हैं। बदरी-केदार मंदिर समिति के उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण ने कहा कि भगवान मदमहेश्वर की डोली का शीतकालीन गद्दीस्थल पहुंचना घाटी के लिए धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से विशेष महत्व रखता है।

उद्योगपति खुशहाल नेगी और प्रधान संगठन के ब्लॉक महामंत्री मदन भट्ट ने भी मेले को क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान बताते हुए स्थानीय कलाकारों, युवाओं और महिला मंगल दलों को ऐसे मंच उपलब्ध कराने की सराहना की।

नगर पंचायत अध्यक्ष एवं मेला समिति अध्यक्ष कुब्जा धर्म्वाण ने अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, महिला मंगल दलों, विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं और प्रतिभागियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मेले को भव्य स्वरूप देने में क्षेत्रवासियों का सहयोग महत्वपूर्ण है।

इस अवसर पर कनिष्ठ प्रमुख प्रदीप त्रिवेदी, युवा कल्याण परिषद सदस्य राकेश भंडारी, भाजपा गुप्तकाशी मंडल अध्यक्ष किरन शुक्ला, प्रधान प्रदीप राणा, मंदिर समिति सदस्य प्रह्लाद पुष्वाण, सरोज देवी, राय सिंह राणा, सभासद पूनम देवी, राकेश तिवारी, प्रताप सिंह धर्म्वाण सहित विभिन्न क्षेत्रों के जनप्रतिनिधि, मेला समिति पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Next Post

ऊखीमठ : ओंकारेश्वर मंदिर में विराजमान हुई भगवान मदमहेश्वर की उत्सव डोली

गिरिया गांव से ऊखीमठ तक उमड़ा आस्था का सैलाब, मंगोलचारी में रावल ने अर्पित किया सोने का छत्र लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ : द्वितीय केदार भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली गुरुवार को विधि-विधान और धार्मिक परंपराओं के साथ उनके शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में विराजमान हो गई। डोली के […]

You May Like