ऊखीमठ : हादसे के बाद मदमहेश्वर घाटी में पसरा सन्नाटा, दूसरे दिन स्थगित रहा मेला

Team PahadRaftar

चार लोगों की मौत से शोक में डूबी घाटी, भगवान मदमहेश्वर की डोली के आगमन पर मनसूना में आयोजित होना था मेला

लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। बांसबाड़ा–मोहनखाल मोटर मार्ग पर सोमवार रात हुए भीषण सड़क हादसे ने मदमहेश्वर घाटी को झकझोर कर रख दिया है। बारात से लौट रहे मैक्स वाहन के खाई में गिरने से चार लोगों की दर्दनाक मौत के बाद पूरी घाटी में शोक की लहर है। हादसे के चलते क्षेत्र में उत्सव का माहौल मातम में बदल गया। इसका असर भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली के शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ आगमन पर आयोजित होने वाले धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर भी पड़ा।

भगवान मदमहेश्वर की डोली के ऊखीमठ आगमन के उपलक्ष्य में मनसूना में आयोजित होने वाला मदमहेश्वर मेला हादसे के बाद दूसरे दिन स्थगित रहा। मेले को लेकर क्षेत्र में तैयारियां और उत्साह का माहौल था, लेकिन चार लोगों की असामयिक मौत की खबर ने सभी को गहरे सदमे में डाल दिया। हादसे में जान गंवाने वालों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए स्थानीय लोगों ने उत्सव के बजाय शोकाकुल परिवारों के साथ खड़े रहने को प्राथमिकता दी।

गौरतलब है कि द्वितीय केदार भगवान मदमहेश्वर के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने के बाद उनकी चल विग्रह उत्सव डोली शीतकालीन प्रवास के लिए ऊखीमठ की ओर प्रस्थान कर चुकी है। डोली के विभिन्न पड़ावों पर श्रद्धालुओं की ओर से धार्मिक अनुष्ठान और पारंपरिक आयोजन किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मनसूना में भी मेले का आयोजन प्रस्तावित था।

हादसे के बाद घाटी के गांवों में पसरे सन्नाटे ने उत्सव की खुशियों को फीका कर दिया है। जिन रास्तों और गांवों में डोली के आगमन को लेकर श्रद्धालुओं में उल्लास था, वहां अब चार परिवारों के उजड़ने का गम दिखाई दे रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह केवल चार परिवारों का दुख नहीं, बल्कि पूरी मदमहेश्वर घाटी की साझा पीड़ा है।

भगवान मदमहेश्वर की डोली के ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचने को लेकर श्रद्धालुओं में आस्था बनी हुई है, लेकिन इस बार डोली के शीतकालीन प्रवास से जुड़े आयोजनों पर भी हादसे की शोकपूर्ण छाया साफ नजर आ रही है।

Leave a Reply

Next Post

गौचर :  गौचर मेले में पहाड़ी उत्पादों की धूम, झंगोरा-मंडुवा के बिस्कुट और नमकीन बने पहली पसंद

 मां चंडिका महिला उद्यम समूह की 10 महिलाएं कर रहीं स्वरोजगार, स्थानीय अनाज से तैयार उत्पादों को मिल रही खूब मांग केएस असवाल गौचर : 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले में इस बार पहाड़ के पारंपरिक उत्पाद लोगों को खूब लुभा रहे हैं। मेले में झंगोरा, मंडुवा और […]

You May Like