
गौचर मेले की दूसरी सांस्कृतिक संध्या में पम्मी नवल, मृणाल रतूड़ी, रोहित चौहान और अनीषा रांगड़ की प्रस्तुतियों ने जमाया रंग
गौचर। 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले की दूसरी सांस्कृतिक संध्या उत्तराखंड की लोक-संस्कृति के नाम रही। मां नंदा की जात, भैरवनाथ जागर और पहाड़ी लोकगीतों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। लोक धुनों पर दर्शक देर रात तक झूमते रहे।
रविवार शाम जय मां नंदा कला मंच गैरसैंण के कलाकारों ने मां नंदा की जात की शानदार प्रस्तुति देकर सांस्कृतिक संध्या का आगाज किया। इसके बाद लोकगायिका डॉ. पम्मी नवल और लोकगायक मृणाल रतूड़ी ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। डॉ. पम्मी नवल की भैरवनाथ जागर ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। कलाकारों ने पंच नाम देवतो, हियूंद की संध्या जात, सोजण्या नी राणू मन तेरा बिना और देहरादून की बांद माया रै जैसे लोकगीतों की प्रस्तुति दी।
इसके बाद मंच पर पहुंचे लोकगायक रोहित चौहान और गायिका अनीषा रांगड़ ने भी अपनी गायकी से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। जय मय्या दुर्गा भवानी, खुटी मां तेरा सरूली और मेरी भानुली जाई च ब्यूटी पार्लर मां जैसे गीतों पर दर्शक खुद को थिरकने से नहीं रोक सके। देर रात तक चले कार्यक्रम में लोकगीतों की धूम रही।
इससे पहले उत्तराखंड भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रवीर गायत्री और वरिष्ठ वैज्ञानिक इंद्र सिंह नेगी ने दीप प्रज्वलित कर सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ किया।
इस मौके पर मेलाधिकारी अलकेश नौडियाल, अनिता नैथानी, पूजा पंवार, विनोद थपलियाल, मानवेन्द्र गुसाईं, व्यापार संघ अध्यक्ष राकेश लिंगवाल, नवीन टाकुली सहित बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।

