चमोली : पुष्प श्रृंगार में सजे भगवान बदरी विशाल, आज रात 9:37 बजे शीतकाल के लिए बंद होंगे कपाट

Team PahadRaftar

ब्रह्म मुहूर्त से उमड़े श्रद्धालु, अंतिम दिन स्वर्ण श्रृंगार के बजाय भगवान के पुष्प श्रृंगार के हुए दर्शन; 24 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

संजय कुंवर बदरीनाथ : भू-बैकुंठ बदरीनाथ धाम के कपाट सोमवार रात 9 बजकर 37 मिनट पर शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। कपाट बंद होने के साथ ही इस वर्ष की ग्रीष्मकालीन चारधाम यात्रा का भी समापन हो जाएगा। कपाट बंद होने के अंतिम दिन भगवान बदरी विशाल को विशेष रूप से फूलों से सजाया गया है। ब्रह्म मुहूर्त से ही श्रद्धालु भगवान के दिव्य पुष्प श्रृंगार के दर्शन कर रहे हैं।

रविवार को हुई बर्फबारी के बाद सोमवार को बदरीनाथ धाम में मौसम खुशनुमा बना हुआ है। बर्फ से ढकी पहाड़ियों के बीच श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा है। सुबह चार बजे मंदिर के कपाट खुलते ही दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की कतार लगनी शुरू हो गई। तीर्थयात्री सिंह द्वार से मंदिर में प्रवेश कर भगवान बदरी विशाल के दर्शन कर रहे हैं। कपाट बंद होने के अंतिम दिन भगवान का पारंपरिक स्वर्ण श्रृंगार नहीं किया गया, बल्कि उन्हें फूलों से विशेष रूप से सजाया गया है।

बदरीनाथ धाम के धर्माधिकारी आचार्य स्वयंवर सेमवाल ने बताया कि सोमवार को ब्रह्म मुहूर्त में सुबह चार बजे मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए। प्रातःकालीन अभिषेक पूजा के बाद दिनभर श्रद्धालु भगवान के दर्शन कर सकेंगे। दोपहर 12 बजे भगवान को भोग लगाया जाएगा और शाम सात बजे सांध्य पूजा होगी।

उन्होंने बताया कि रात साढ़े सात बजे मंदिर के मुख्य पुजारी रावल बंदे जी मंदिर में प्रवेश करेंगे। इसके बाद कपाट बंद करने की अंतिम धार्मिक प्रक्रिया के तहत पंच पूजा संपन्न कराई जाएगी। वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ रात 9 बजकर 37 मिनट पर मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे।

इधर, कपाट बंद होने से पहले बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी हुई है। इस यात्रा सीजन में अब तक करीब 24 लाख श्रद्धालु भगवान बदरी विशाल के दर्शन कर चुके हैं। रविवार को भी लगभग 18 हजार 500 श्रद्धालु धाम पहुंचे। अंतिम दर्शन के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है।

 

Leave a Reply

Next Post

गौचर : एआई के दौर में पत्रकारिता के सामने विश्वसनीयता बचाने की चुनौती

गौचर प्रेस क्लब में विचार गोष्ठी, खबरों की तथ्यपरकता और निष्पक्षता पर दिया जोर पहाड़ रफ्तार गौचर। एआई और सोशल मीडिया ने पत्रकारिता की दुनिया को तेजी से बदल दिया है। खबरों का प्रसारण जितना आसान और तेज हुआ है, उतनी ही खबरों की विश्वसनीयता बनाए रखने की चुनौती भी […]

You May Like