
विशाल आक्रोश रैली में उमड़ा जनसैलाब, विधायक लखपत बुटोला ने भी दिया समर्थन; डीएफओ ने एक सप्ताह में कार्रवाई का दिया भरोसा
केएस असवाल
पोखरी (चमोली)। पोखरी क्षेत्र में भालू सहित अन्य जंगली जानवरों के बढ़ते आतंक के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा गुरुवार को सड़कों पर फूट पड़ा। तहसील परिसर में 11 दिनों से चल रहे आंदोलन के समर्थन में क्षेत्रवासियों ने गोल बाजार से विनायक धार चौराहे तक विशाल आक्रोश रैली निकाली। रैली में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं और जनप्रतिनिधियों ने शामिल होकर वन विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। डीएफओ के एक सप्ताह के भीतर मांगों पर कार्रवाई के आश्वासन के बाद आंदोलनकारियों ने आंदोलन फिलहाल स्थगित कर दिया।
पूर्व प्रधान संघ अध्यक्ष धीरेंद्र राणा और ग्राम प्रधान हरिकृष्ण किमोठी के नेतृत्व में निकाली गई रैली में ग्रामीणों ने जंगली जानवरों के आतंक से निजात दिलाने और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई। आंदोलन को समर्थन देने पहुंचे बदरीनाथ विधायक लखपत बुटोला ने भी सरकार और वन विभाग पर सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि बदरीनाथ विधानसभा क्षेत्र में जंगली जानवरों का आतंक लगातार बढ़ रहा है। ग्रामीण भय के माहौल में जीने को मजबूर हैं। इस समस्या को कई बार सड़क से लेकर सदन तक उठाया गया, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि पहाड़ चिड़ियाघर नहीं है, यहां भी इंसानों की जिंदगी की कीमत समझनी होगी।
विधायक ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जी, आप सोएं नहीं, क्योंकि पहाड़ों में जनता सो नहीं पा रही है। उन्होंने वन विभाग से सात दिन के भीतर आतंक का पर्याय बने भालू को पकड़ने के लिए पिंजरे लगाने और प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की। साथ ही आदमखोर घोषित किए जाने योग्य भालू के मामले में नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कही।
एक सप्ताह में कार्रवाई का भरोसा
आंदोलनकारी धीरेंद्र राणा और ग्राम प्रधान हरिकृष्ण किमोठी ने बताया कि आंदोलन के दौरान केदारनाथ वन प्रभाग के डीएफओ रजत सुमन को मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा गया। डीएफओ ने एक सप्ताह के भीतर मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इसके बाद आंदोलन को फिलहाल स्थगित करने का निर्णय लिया गया।
डीएफओ रजत सुमन ने कहा कि पोखरी क्षेत्र वन्यजीवों के आतंक की दृष्टि से संवेदनशील है। ग्रामीणों की ओर से उठाई गई मांगों पर कार्रवाई की जाएगी। भालू के आतंक में वृद्धि के कारणों का भी अध्ययन किया जा रहा है। इसके लिए विशेषज्ञों से चर्चा की गई है और सभी पहलुओं पर गंभीरता से काम किया जा रहा है।
ये प्रमुख मांगें उठाईं
आंदोलनकारियों ने प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा देने, क्षेत्र में पिंजरों की संख्या बढ़ाने, वन विभाग की गश्ती टीम और सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ाने, आदमखोर भालू के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई करने और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
इस दौरान ब्लॉक प्रमुख राजी देवी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रीति भंडारी, जिला पंचायत सदस्य वीरेंद्र राणा, दिव्या भारती, कल्पना बर्त्वाल, रिंकी देवी, प्रधान संघ अध्यक्ष तेजपाल निर्मोही सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। मंच संचालन श्रवण सती ने किया।

