
अधिशासी अभियंता मनीष डोगरा ने मौके पर पहुंचकर परखी गुणवत्ता, सड़क किनारे बिछेंगी इंटरलॉकिंग टाइलें
गिरीश चंदोला थराली। करीब 45 साल के लंबे इंतजार के बाद देवाल बाजार की सड़क पर हॉटमिक्स होने से स्थानीय व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों में खुशी है। श्री नंदा देवी राजजात यात्रा मार्ग के तहत थराली-देवाल-वाण राजमार्ग संख्या-90 पर सड़क सुधारीकरण के कार्यों को गति मिलने से क्षेत्रवासियों ने लोक निर्माण विभाग की सराहना की है।
रविवार को देवाल बाजार में सड़क पर हॉटमिक्स का सेकेंड कोट बिछाया गया। कार्य में किसी तरह की बाधा न आए, इसके लिए व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर सहयोग किया। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता मनीष डोगरा स्वयं मौके पर पहुंचे और हॉटमिक्स कार्य की गुणवत्ता परखी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए।
बाजार में सड़क के दोनों ओर इंटरलॉकिंग टाइल बिछाने का कार्य भी कराया जा रहा है। ग्राम प्रधान कविता मिश्रा, व्यापार संघ अध्यक्ष चंद्र सिंह रावत, पूर्व अध्यक्ष आलम सिंह बिष्ट, भाजपा आपदा प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक नरेंद्र सिंह बिष्ट, भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष विनायक मिश्रा और कांग्रेस ब्लॉक महामंत्री राकेश मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने अधिशासी अभियंता से मुलाकात कर निर्माण कार्यों पर संतोष जताया। उन्होंने मनीष डोगरा की सक्रियता और कार्यशैली की सराहना करते हुए विभाग का आभार व्यक्त किया।
अधिशासी अभियंता मनीष डोगरा ने बताया कि बाजार में सीलन की समस्या को देखते हुए सड़क के दोनों ओर इंटरलॉकिंग टाइल लगाई जा रही हैं। इसके अलावा मार्ग पर नालियों, सुरक्षा दीवारों और पुलियों का निर्माण भी कराया जा रहा है। सभी कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
इस दौरान सहायक अभियंता एमसी जोशी, अवर अभियंता डीएस बधानी, सुरेंद्र रावत, मोहित मिश्रा और निर्माण कंपनी के प्रबंधक विनीत राठी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
