
गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने और क्षेत्रीय मुद्दों को लेकर चुनावी मैदान में उतरेगा दल, संगठन की एकजुटता पर दिया जोर
केएस असवाल गौचर (चमोली)। उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) की ओर से कर्णप्रयाग विधानसभा सीट से आशीष नेगी को प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह है। प्रत्याशी नामित होने के बाद गौचर पहुंचे आशीष नेगी का सांगठनिक जिला चंद्रनगर गैरसैंण के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। ढोल-दमाऊ की थाप, फूल-मालाओं और नारों के बीच हुए अभिनंदन कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए एकजुट होकर काम करने का संकल्प लिया।
उक्रांद के केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती ने 31 अक्टूबर को देहरादून में आयोजित पत्रकार वार्ता में पार्टी की पहली प्रत्याशी सूची जारी की थी। इसमें आशीष नेगी को कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी बनाया गया है। इसके बाद स्थानीय स्तर पर पार्टी ने चुनावी गतिविधियों को गति देने की तैयारी शुरू कर दी है।
स्वागत कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष जमन सिंह मनेशा ने कहा कि आशीष नेगी को प्रत्याशी बनाया जाना संगठन के लिए महत्वपूर्ण निर्णय है। कार्यकर्ताओं की एकजुटता और जनसमर्थन के बल पर दल क्षेत्रीय मुद्दों को जनता के बीच मजबूती से उठाएगा। उन्होंने कहा कि जल, जंगल, जमीन, रोजगार, पलायन, स्वास्थ्य और शिक्षा के साथ गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने का मुद्दा पार्टी के राजनीतिक एजेंडे में प्रमुख रहेगा।
युवा उक्रांद के केंद्रीय मीडिया प्रभारी आयुष रावत ने कहा कि आशीष नेगी के समर्थन में युवा कार्यकर्ता पूरी एकजुटता और समर्पण के साथ काम करेंगे। उत्तराखंड के हक-हकूकों और क्षेत्रीय समस्याओं की लड़ाई को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर संगठन की मजबूती और प्रत्याशी की सफलता के लिए एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में नगर अध्यक्ष नवीन पुजारी, गैरसैंण ब्लॉक अध्यक्ष जय नेगी, केंद्रीय युवा प्रकोष्ठ संगठन मंत्री देवेंद्र सिंह बिष्ट, केंद्रीय सचिव युवा उक्रांद राजा सिंह, गिरीश सिरसवाल, मुकेश कुंवर, विकेंद्र खत्री, संजय बहुगुणा, रोहित बहुगुणा, शुभम चौहान, अनिल बिष्ट, पंकज बिष्ट और बलवीर सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
