
संजय कुंवर, बदरीनाथ धाम। आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर उत्तराखंड में सियासी सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। कांग्रेस ने प्रदेश में उत्तराखंड न्याय यात्रा का आगाज कर सरकार को जनहित के मुद्दों पर घेरने की तैयारी शुरू कर दी है। इसी क्रम में भू-बैकुंठ नगरी बदरीनाथ धाम से कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में पदयात्रा निकाली गई। इसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में पार्टी के झंडे लेकर शामिल हुए।
कांग्रेस इस यात्रा के जरिए अंकिता भंडारी को न्याय, महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और बिगड़ती कानून व्यवस्था के मुद्दों को प्रमुखता से उठा रही है। साथ ही लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक अधिकारों की सुरक्षा को लेकर भी प्रदेश सरकार को घेरने की रणनीति बनाई गई है।
बदरीनाथ धाम से शुरू हुई पदयात्रा के माध्यम से कांग्रेस ने जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर अपनी सक्रियता का संदेश दिया। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले शुरू हुई इस न्याय यात्रा को प्रदेश में राजनीतिक माहौल गरमाने और सरकार के खिलाफ जनमुद्दों को धार देने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है।
इस अवसर पर बदरीनाथ विधायक लखपत बुटोला, जोशीमठ ब्लॉक प्रमुख अनुप नेगी, पालिका अध्यक्ष देवेश्वरी शाह सहित कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

