चमोली : गौचर में रामलीला का मंचन, रावण वध के बाद राम का हुआ राज्याभिषेक

Team PahadRaftar

लोक कल्याण सेवा समिति के आयोजन में 11 दिन तक सजी रामलीला, महिला कलाकारों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध

केएस असवाल

गौचर। लोक कल्याण सेवा समिति की ओर से गौचर मेला मंच पर आयोजित 11 दिवसीय कामधेनु रामलीला का बृहस्पतिवार को रावण वध और भगवान राम के राज्याभिषेक के साथ समापन हो गया। रामलीला में महिला संगठनों और कीर्तन मंडलियों से जुड़ी महिलाओं ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया।

समिति के अध्यक्ष सुनील पंवार ने बताया कि पिछले वर्ष के अनुभवों के आधार पर इस बार आयोजन को और बेहतर बनाने का प्रयास किया गया। रामलीला की तैयारियां चार माह पहले शुरू कर दी गई थीं। पहले चरण में पात्रों का ऑडिशन, दूसरे चरण में रिहर्सल और तीसरे चरण में रामलीला का मंचन किया गया। पात्रों का चयन स्थानीयता के बजाय ऑडिशन में प्रदर्शन के आधार पर किया गया।

रामलीला के आठवें दिन कुंभकर्ण वध के प्रसंग पर बदरीनाथ विधायक लखपत बुटोला, कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश नेगी, अजय किशोर भंडारी, भारतीय श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रवीर गायत्री, श्रीनगर के व्यापारी संदीप पंवार और पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण रावत सहित कई लोग मौजूद रहे। आयोजन के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं और समाज में विशिष्ट पहचान रखने वाले लोगों को सम्मानित भी किया गया।

राम की भूमिका दीपक कनवासी, लक्ष्मण की गगन चौहान, कुंभकर्ण की शुभम असवाल, हनुमान की महावीर रावत, रावण की भरत नेगी, विभीषण की विनोद खंडूड़ी और मेघनाद की जगमोहन रावत ने निभाई।

रामलीला के सफल आयोजन में समिति के अध्यक्ष सुनील पंवार, उपाध्यक्ष अर्जुन नेगी, सचिव खुशाल सिंह नेगी, सतीश  शैली, गोपालदत्त थपलियाल, शिव चरण बिष्ट, कोषाध्यक्ष मंजू देवी और मीडिया प्रभारी गोविंद सिंह बिष्ट का विशेष योगदान रहा।

Leave a Reply

You May Like