ऊखीमठ : बीकेटीसी कर्मचारियों के नियमितीकरण की मांग ने पकड़ा जोर, आंदोलन को कांग्रेस का समर्थन

Team PahadRaftar

मुख्यमंत्री की घोषणा पर अमल की मांग, ओंकारेश्वर मंदिर में चौथे दिन भी जारी रहा धरना

लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अस्थायी कर्मचारियों के नियमितीकरण और स्थायीकरण की मांग को लेकर ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ में चल रहा धरना शुक्रवार को चौथे दिन भी जारी रहा। आंदोलनरत कर्मचारियों के समर्थन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों ने धरनास्थल पर पहुंचकर सरकार से मुख्यमंत्री की घोषणा पर अमल करने की मांग उठाई।

धरने को समर्थन देने वालों में केदारनाथ के पूर्व विधायक मनोज रावत, जिला कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप कंडारी, पूर्व युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष कर्मवीर कुंवर, नगर कांग्रेस अध्यक्ष संतोष शैव, पूर्व ब्लॉक प्रमुख लक्ष्मी प्रसाद भट्ट और पूर्व सैनिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता बलवंत कुंवर सहित अन्य नेता शामिल रहे। उन्होंने कर्मचारियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और मांगों के समर्थन में आवाज उठाई।

कर्मचारियों का कहना है कि मुख्यमंत्री ने केदारनाथ उपचुनाव के दौरान वन टाइम सेटलमेंट के माध्यम से उनकी समस्या के समाधान की घोषणा की थी, लेकिन अब तक इस दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। लंबे समय से मंदिर समिति में सेवाएं दे रहे अस्थायी कर्मचारी नियमितीकरण और स्थायीकरण की मांग कर रहे हैं।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि वर्षों से सेवाएं दे रहे कर्मचारियों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए सरकार को गंभीरता से निर्णय लेना चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री की घोषणा को धरातल पर उतारने और वन टाइम सेटलमेंट के माध्यम से कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करने की मांग की।

आंदोलनरत कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

Leave a Reply

Next Post

ऊखीमठ में खुली बैंक ऑफ इंडिया की शाखा, स्थानीय लोगों को मिलेगी बैंकिंग सुविधा

नगर पंचायत अध्यक्ष कुब्जा धर्म्वाण ने किया शुभारंभ, बैंक अधिकारियों ने ग्राहकों को दी विभिन्न सेवाओं की जानकारी लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ (रुद्रप्रयाग)। ऊखीमठ नगर क्षेत्र में बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार की दिशा में शुक्रवार को महत्वपूर्ण पहल हुई। यहां बैंक ऑफ इंडिया की नई शाखा का विधिवत शुभारंभ किया गया। […]

You May Like