गजेंद्र सिंह रावत निर्विरोध बने जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष
संजय कुंवर चमोली। चमोली जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष पद पर भाजपा समर्थित प्रत्याशी गजेंद्र सिंह रावत निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। उनके निर्विरोध निर्वाचन से सहकारिता क्षेत्र के साथ ही भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह है।
जिला सहकारी बैंक की प्रबंध समिति के चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए गजेंद्र सिंह रावत को जिम्मेदारी सौंपी गई। अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद उन्होंने कहा कि जिले में सहकारिता आंदोलन को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। किसानों, छोटे कारोबारियों और ग्रामीणों तक बैंकिंग सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने के साथ सहकारी संस्थाओं को सशक्त किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बैंक के कामकाज में पारदर्शिता और जनहित को प्राथमिकता दी जाएगी। सरकार और बैंक की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक किसानों व ग्रामीणों तक पहुंचाने के लिए प्रयास किए जाएंगे।
गजेंद्र सिंह रावत के अध्यक्ष निर्वाचित होने पर भाजपा कार्यकर्ताओं, सहकारिता क्षेत्र से जुड़े सदस्यों और जनप्रतिनिधियों ने उन्हें बधाई दी। समर्थकों ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में जिला सहकारी बैंक विकास और जनसेवा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल करेगा।

