गौचर में पुलिस ने बढ़ाई गश्त, तीन वाहन सीज और आठ के चालान; नाबालिगों को वाहन देने वाले अभिभावकों पर भी होगी कार्रवाई
केएस असवाल गौचर। नगर क्षेत्र में नाबालिगों के दोपहिया वाहन चलाने और नशे की गतिविधियों पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पुलिस ने गली-मोहल्लों और संवेदनशील स्थानों पर गश्त बढ़ाने के साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नाबालिगों को वाहन देने वाले अभिभावकों और वाहन स्वामियों को भी कार्रवाई के दायरे में लाया जाएगा।
नगर व्यापार मंडल गौचर ने पुलिस चौकी को पत्र देकर नाबालिग और नौसिखिया वाहन चालकों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की मांग की थी। व्यापार मंडल के अनुसार, कई नाबालिग तेज गति से दोपहिया वाहन चलाते हुए बाजार और गली-मोहल्लों में घूमते हैं। इससे हादसे की आशंका बनी रहती है।

चौकी प्रभारी मानवेंद्र गुंसाई ने बताया कि नशे की गतिविधियों की आशंका वाले स्थानों के साथ ही उन क्षेत्रों में भी नियमित गश्त की जा रही है, जहां नाबालिगों के वाहन चलाने की शिकायतें मिल रही हैं। पुलिस टीम लगातार चेकिंग कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही है।
उन्होंने बताया कि सोमवार को चलाए गए चेकिंग अभियान में तीन वाहन सीज किए गए, जबकि आठ चालान किए गए। मंगलवार को भी अभियान जारी रहा और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले दोपहिया वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
नाबालिगों को वाहन देना पड़ेगा भारी
चौकी प्रभारी ने कहा कि नाबालिग बच्चों को वाहन देकर सड़क पर भेजने वाले अभिभावकों और वाहन स्वामियों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे नाबालिग बच्चों को वाहन न दें और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करें। पुलिस ने कहा कि नशे की गतिविधियों और नाबालिग वाहन चालकों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
