चमोली : बदरीनाथ में 14 सूत्रीय मांगों को लेकर फिर आंदोलन की तैयारी, संघर्ष समिति ने बनाई रणनीति

Team PahadRaftar

संजय कुंवर, बदरीनाथ धाम

14 सूत्रीय मांगों को लेकर पिछले एक वर्ष से आंदोलन कर रही श्री बद्रीश संयुक्त संघर्ष समिति की बैठक मंगलवार को बदरीनाथ धाम में हुई। इसमें स्थानीय होटल कारोबारी, पंडा-पुरोहित, व्यापारी, हक-हकूकधारी और प्रसाद विक्रेताओं ने भाग लिया। बैठक में मांगों पर शासन-प्रशासन की ओर से अब तक सकारात्मक पहल नहीं होने पर नाराजगी जताई गई और आंदोलन को दोबारा तेज करने की रणनीति बनाई गई।

समिति पदाधिकारियों ने कहा कि एक वर्ष बीतने को है, लेकिन 14 सूत्रीय मांगों में से किसी पर भी अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। शासन-प्रशासन के स्तर से मांगों को लेकर ढीला रवैया अपनाया जा रहा है। इससे स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है।

वक्ताओं ने कहा कि बदरी पुरी के विभिन्न वर्गों के लोग लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर एकजुट होकर आवाज उठा रहे हैं। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से अब आंदोलन को फिर से सड़कों पर ले जाने की तैयारी है।

बैठक में कहा गया कि यदि जल्द मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं हुई तो श्री बद्रीश संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले बदरीनाथ धाम में चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा। समिति जल्द ही आंदोलन की विस्तृत रूपरेखा घोषित करेगी। बैठक के बाद बदरीनाथ में एक नए जन आंदोलन की सुगबुगाहट तेज हो गई है।

Leave a Reply

You May Like