ऊखीमठ : बीडीसी बैठक में पेयजल, सड़क और स्वास्थ्य सेवाओं पर उठे सवाल

Team PahadRaftar

विधायक आशा नौटियाल ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध समाधान के निर्देश, विकास कार्यों की हुई समीक्षा

लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। विकासखंड सभागार में शुक्रवार को ब्लॉक प्रमुख पंकज शुक्ला की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायत (बीडीसी) की बैठक हुई। बैठक में केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों की ओर से उठाई गई समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए। बैठक में पेयजल, सड़क, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई समेत विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से उठीं।

बैठक की शुरुआत पिछली कार्यवाही की पुष्टि के साथ हुई। इसके बाद पेयजल निगम, जल संस्थान, स्वजल, लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, राष्ट्रीय राजमार्ग, विद्युत, स्वास्थ्य, वन, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, सिंचाई, ग्रामीण निर्माण और शिक्षा विभाग की योजनाओं एवं लंबित कार्यों की समीक्षा की गई। जनप्रतिनिधियों ने विभागीय अधिकारियों के समक्ष अपने क्षेत्रों की समस्याएं रखते हुए शीघ्र समाधान की मांग की।

विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि क्षेत्र पंचायत सदस्य और ग्राम प्रधान जनता की समस्याओं को सीधे प्रशासन तक पहुंचाते हैं, इसलिए उनके सुझावों और शिकायतों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जिन समस्याओं का समाधान तत्काल संभव है, उनमें बिना देरी कार्रवाई की जाए तथा शेष मामलों में निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा किया जाए।

ब्लॉक प्रमुख पंकज शुक्ला ने कहा कि बीडीसी बैठक विकास कार्यों की समीक्षा और जनसमस्याओं के समाधान का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने अधिकारियों से विकास योजनाओं की नियमित निगरानी करने और विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर कार्य करने को कहा, ताकि योजनाओं का लाभ समय पर आम जनता तक पहुंच सके।

बैठक में ज्येष्ठ प्रमुख राकेश सिंह नेगी, कनिष्ठ प्रमुख प्रदीप त्रिवेदी, जिला पंचायत सदस्य अमित मेखंडी, जिला पंचायत सदस्य सुबोध उनियाल, प्रधान संगठन अध्यक्ष त्रिलोक सिंह रावत, उपजिलाधिकारी अनिल रावत, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, खंड विकास अधिकारी अनुष्का सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Next Post

सेवा पखवाड़ा : ज्योतिर्मठ में बहु-विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर, सैकड़ों ग्रामीणों की हुई स्वास्थ्य जांच

संजय कुंवर ज्योतिर्मठ (चमोली)। जनपद चमोली में सेवा पखवाड़ा सप्ताह के तहत आमजन को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से विभिन्न बहुउद्देशीय जनजागरूकता शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को ज्योतिर्मठ ब्लॉक सभागार परिसर में बहु-विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। सीएचसी ज्योतिर्मठ […]

You May Like