नैनीताल : रामनगर के लग्जरी रिसॉर्ट में हाई-प्रोफाइल सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, 52 गिरफ्तार

Team PahadRaftar

10 महिलाओं को कराया गया रेस्क्यू, एक नाबालिग भी शामिल; मानव तस्करी और पॉक्सो समेत कई धाराओं में मुकदमा

 रामनगर : नैनीताल पुलिस ने रामनगर स्थित एक लग्जरी रिसॉर्ट में छापेमारी कर कथित हाई-प्रोफाइल सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान 52 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 10 महिलाओं, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है, को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। मामले में मानव तस्करी, अनैतिक देह व्यापार, पॉक्सो अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी), एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) और रामनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने देर रात रिसॉर्ट में छापेमारी की। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में रिसॉर्ट में संगठित तरीके से कथित देह व्यापार संचालित होने के संकेत मिले हैं। रेस्क्यू की गई महिलाओं में नेपाल, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश की रहने वाली महिलाएं शामिल हैं।

छापेमारी के दौरान पुलिस को रिसॉर्ट में बिना वैध लाइसेंस के बार संचालित होता मिला। मौके से विदेशी और देसी शराब, नकदी तथा अन्य सामग्री बरामद की गई। जांच में यह भी सामने आया कि रिसॉर्ट के विजिटर रजिस्टर में कई लोगों की प्रविष्टियां दर्ज नहीं थीं। इसके बाद प्रशासन ने रिसॉर्ट को सील कर दिया।

प्रारंभिक जांच में रिसॉर्ट के कुछ कर्मचारियों की संलिप्तता भी सामने आई है। कार्रवाई के दौरान मुख्य प्रबंधक फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि मानव तस्करी और देह व्यापार जैसे संगठित अपराधों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। इस मामले में फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है और जांच में सामने आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Next Post

पीपलकोटी : पहली बारिश में क्षतिग्रस्त हुई दीवार, सिंचाई विभाग ने तुरंत संभाला मोर्चा

पीपलकोटी (चमोली)। सेमलडाला स्टेडियम की सुरक्षा दीवार का एक हिस्सा पहली ही तेज बारिश में क्षतिग्रस्त होने के बाद सिंचाई विभाग हरकत में आ गया। विभाग ने मामले का संज्ञान लेते हुए अगले ही दिन क्षतिग्रस्त हिस्से को तोड़कर दोबारा निर्माण कार्य शुरू करा दिया। सिंचाई विभाग के अवर अभियंता […]

You May Like