चमोली : 2027 की तैयारी में जुटे गणेश शाह, थराली विधानसभा से पेश करेंगे दावेदारी

Team PahadRaftar

गिरीश चंदोला थराली। कर्णप्रयाग नगर पालिका अध्यक्ष गणेश शाह ने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी राजनीतिक मंशा स्पष्ट करते हुए कहा कि वह थराली विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं और पार्टी के समक्ष अपनी दावेदारी भी रखेंगे।

थराली में आयोजित पत्रकार वार्ता में गणेश शाह ने कहा कि उनके माता-पिता पूर्व में थराली विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उनके द्वारा कराए गए विकास कार्यों को आज भी क्षेत्र की जनता याद करती है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विकास और पारदर्शिता की राजनीति में विश्वास रखती है तथा प्रदेश और क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

उन्होंने बताया कि पिछले छह माह से वह थराली विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों का लगातार दौरा कर रहे हैं और लोगों से संवाद स्थापित कर रहे हैं। इस दौरान उन्हें क्षेत्रवासियों का स्नेह, सहयोग और समर्थन प्राप्त हो रहा है।

विधानसभा चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में गणेश शाह ने कहा कि वह वर्ष 2027 के चुनाव के लिए अपनी दावेदारी अवश्य प्रस्तुत करेंगे। हालांकि अंतिम निर्णय भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को लेना है और पार्टी का फैसला उनके लिए सर्वोपरि रहेगा।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जिस भी उम्मीदवार को टिकट देगी, वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ उसके पक्ष में कार्य करेंगे। पार्टी संगठन को मजबूत करना और भाजपा की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है।

पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास, संगठन विस्तार और जनता की अपेक्षाओं को लेकर भी अपने विचार रखे। गणेश शाह ने कहा कि जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझना और उनके समाधान के लिए प्रयास करना ही उनकी राजनीतिक कार्यशैली का आधार है।

Next Post

चमोली : फूलों की घाटी में समय से पहले खिला हिमालयन ब्लू पॉपी, प्रकृति प्रेमियों में बढ़ा उत्साह

संजय कुंवर जोशीमठ (चमोली)। विश्व धरोहर फूलों की घाटी में अल्पाइन हिमालयी पुष्पों की रानी कही जाने वाली हिमालयन ब्लू पॉपी ने अपनी रंगत बिखेरनी शुरू कर दी है। इस बार घाटी में यह दुर्लभ पुष्प सामान्य समय से पहले खिल गया है, जिससे प्रकृति प्रेमियों और पर्यटकों में खासा […]

You May Like