थराली, गिरीश चंदोला संवाददाता। आगामी नंदा देवी राजजात यात्रा को लेकर थराली-देवाल-मंदोली-वांण और ग्वालदम-नंदकेशरी मोटर मार्गों पर चल रहे सुधारीकरण एवं डामरीकरण कार्यों का मंगलवार को संयुक्त निरीक्षण किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए अधिकारियों से मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित कराने की मांग की।

लोक निर्माण विभाग थराली के अधिशासी अभियंता मनीष डोगरा, देवाल ब्लॉक प्रमुख तेजपाल रावत तथा अन्य जनप्रतिनिधियों ने राजकीय मार्ग संख्या-90 थराली-देवाल-मंदोली-वांण और राजकीय मार्ग संख्या-91 ग्वालदम-नंदकेशरी मोटर मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
ग्वालदम-नंदकेशरी मोटर मार्ग के निरीक्षण के दौरान देवाल के ज्येष्ठ प्रमुख दीपक गड़िया ने निर्माण कार्यों पर असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कुछ स्थानों पर कार्य मानकों के अनुरूप नहीं किया जा रहा है। इस पर अधिशासी अभियंता मनीष डोगरा ने संबंधित निर्माण कंपनी को तत्काल आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए।
इसके बाद निरीक्षण दल ने थराली-देवाल-मंदोली-वांण मार्ग का भी जायजा लिया। जनप्रतिनिधियों ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर कई सुझाव दिए। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
लोक निर्माण विभाग के अनुसार, नंदा देवी राजजात यात्रा को देखते हुए थराली-देवाल-मंदोली-वांण मार्ग के 52.20 किलोमीटर हिस्से के सुधारीकरण के लिए 32.69 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं ग्वालदम-नंदकेशरी मोटर मार्ग के सुधारीकरण एवं डीबीएम-बीसी डामरीकरण कार्य के लिए 18.06 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। दोनों मार्गों पर इन दिनों युद्धस्तर पर कार्य चल रहा है।
निरीक्षण के दौरान सहायक अभियंता बबिता, अवर अभियंता श्रीजय, भाजपा मंडल अध्यक्ष उमेश मिश्रा, क्षेत्र पंचायत सदस्य रमेश गड़िया, अरुण कुमार, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य गंगा सुयाल, शंकर सिंह गड़िया सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
