गौचर, केएस असवाल संवाददाता। रावलजाड रानो मंदिर समिति एवं क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने सोमवार को रावलजाड मंदिर की सुरक्षा दीवार निर्माण और समग्र विकास कार्यों की मांग को लेकर जिलाधिकारी चमोली को संयुक्त ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मंदिर की सुरक्षा, संरक्षण और आवश्यक सुविधाओं के विकास के लिए शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई।

ज्ञापन पर ग्राम पंचायत बिजराकोट, बड़ेथ, डांग, इज्जर, भन्वाड़ी, रानो, सारी, क्वीठी, काण्डा और तोली-गैलुंग के प्रधानों के हस्ताक्षर शामिल रहे। प्रतिनिधियों ने कहा कि रावलजाड मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है और इसकी सुरक्षा व विकास के लिए ठोस कदम उठाए जाने जरूरी हैं।
मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि मंदिर परिसर में सुरक्षा दीवार का निर्माण होने से धाम की सुरक्षा सुनिश्चित होगी। साथ ही अन्य विकास कार्यों के पूरा होने से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। उन्होंने प्रशासन से मांगों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने का आग्रह किया।
ज्ञापन सौंपने वालों में समिति अध्यक्ष सुनील पंवार, उपाध्यक्ष राजेंद्र भंडारी, सचिव ईश्वर सिंह बिष्ट, कोषाध्यक्ष गजेंद्र भंडारी, सदस्य बीरेंद्र भंडारी समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
समिति पदाधिकारियों ने कहा कि क्षेत्रवासियों और जनप्रतिनिधियों के संयुक्त प्रयास से रावलजाड धाम के संरक्षण और विकास का मार्ग प्रशस्त होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन इस संबंध में सकारात्मक पहल करेगा।
