गीत, कविता और भाषा आधारित गतिविधियों में दिखी प्रतिभा, विद्यार्थियों को बांटे प्रमाण पत्र
केएस असवाल कर्णप्रयाग / गौचर। राजकीय इंटर कॉलेज बरतोली में आयोजित सात दिवसीय भारतीय भाषा समर कैंप का समापन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और प्रमाण-पत्र वितरण के साथ हुआ। समापन समारोह में छात्र-छात्राओं ने गीत, कविता और विभिन्न भाषा आधारित गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

रानीगढ़ पट्टी स्थित विद्यालय में आयोजित समर कैंप के अंतिम दिन विद्यार्थियों को भारतीय पारंपरिक खेलों की जानकारी दी गई। इस दौरान अंताक्षरी, वर्ड चेन, टंग ट्विस्टर सहित विभिन्न भाषा आधारित प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। बच्चों ने उत्साह के साथ इन गतिविधियों में भाग लेकर अपनी भाषाई दक्षता और रचनात्मकता का परिचय दिया।
समारोह में विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। गीत और कविताओं की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को जीवंत बना दिया। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए तथा शिविर में मिली शिक्षाओं को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर बलवंत बिष्ट, शशि भूषण नौटियाल, सुरेंद्र सिंह बिष्ट, शैलेश बिष्ट और नवीन बिष्ट मौजूद रहे।
प्रधानाचार्या श्रीमती अनीता ममगाईं ने समर कैंप के सफल आयोजन पर सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और सहयोगियों को बधाई देते हुए कहा कि भारतीय भाषाओं और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण के लिए ऐसे आयोजन अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से शिविर के दौरान प्राप्त ज्ञान और अनुभवों का दैनिक जीवन में उपयोग करने का आह्वान किया।

