चमोली : नीति अल्ट्रा रन से सीमांत विकास को नई पहचान, मुख्यमंत्री बोले- पर्यटन और रोजगार के खुलेंगे नए द्वार

Team PahadRaftar

संजय कुंवर मलारी (चमोली)। सीमांत नीति घाटी में आयोजित ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ ने खेल, पर्यटन और सीमांत विकास को एक मंच पर लाने का काम किया है। 11 हजार फीट की ऊंचाई पर आयोजित इस प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह आयोजन सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन, रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई मजबूती देगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में संचालित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत सीमांत गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है। ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जो सीमांत क्षेत्रों की संभावनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिला रही है।

उन्होंने कहा कि नीति क्षेत्र में होम स्टे की संख्या 35 से बढ़कर 450 से अधिक हो गई है, जो क्षेत्र में बढ़ती पर्यटन गतिविधियों और रिवर्स माइग्रेशन का संकेत है। सीमांत क्षेत्रों में सड़क, संचार और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार से स्थानीय लोगों के लिए नए अवसर पैदा हुए हैं।

पर्यटन विभाग, भारतीय सेना और आईटीबीपी के सहयोग से आयोजित इस तीन दिवसीय आयोजन में देश के 27 राज्यों से 1200 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। आयोजन का उद्देश्य सीमांत क्षेत्रों में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देना, स्थानीय संस्कृति को राष्ट्रीय पहचान दिलाना और युवाओं में फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

मलारी गांव में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल सहित अन्य अतिथियों ने विभिन्न स्पर्धाओं के विजेताओं को पुरस्कार राशि और स्मृति चिह्न प्रदान किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि नीति घाटी का यह आयोजन केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि सीमांत क्षेत्रों के स्वाभिमान, आत्मनिर्भरता और नए विश्वास का प्रतीक बन गया है।

विभिन्न स्पर्धाओं में दिखा प्रतिभागियों का उत्साह

आयोजन में 5, 10, 21, 42 और 75 किलोमीटर की दौड़ स्पर्धाएं आयोजित की गईं। 75 किलोमीटर अल्ट्रा रन में 160, 42 किलोमीटर मैराथन में 155, 21 किलोमीटर हाफ मैराथन में 215, 10 किलोमीटर दौड़ में 210 तथा 5 किलोमीटर फन रन में 260 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कुल मिलाकर 1100 से अधिक धावकों ने प्रतियोगिताओं में भागीदारी की।

कल होगा एमटीबी चैलेंज

आयोजन के अंतिम दिन दो जून को गमसाली से मलारी के बीच 30 किलोमीटर एमटीबी चैलेंज प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसमें 100 से अधिक प्रतिभागियों के हिस्सा लेने की संभावना है।

प्रमुख विजेता

75 किलोमीटर ओपन वर्ग में दिगंबर सिंह और महिला वर्ग में मीनाक्षी प्रथम रहे। 42 किलोमीटर में यश राज और दिया, 21 किलोमीटर में लोकेश कुमार और प्रिया, 10 किलोमीटर में सुरेंद्र सिंह और पूजा बिष्ट तथा 5 किलोमीटर ओपन वर्ग में प्रकाश भट्ट और अर्पिता सैनी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। आयोजन में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, भारतीय सेना, आईटीबीपी और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Next Post

ऊखीमठ : कार्तिक स्वामी तीर्थ में गूंजेगी वैदिक मंत्रों की स्वर लहरियां, 5 जून से शुरू होगा 11 दिवसीय महायज्ञ

क्षेत्र में उत्साह, यात्रा पड़ावों पर लौटने लगी रौनक; देशभर से पहुंचेंगे संत-महात्मा और श्रद्धालु लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। समुद्र तल से करीब 8530 फीट की ऊंचाई पर स्थित प्रसिद्ध धार्मिक एवं आध्यात्मिक तीर्थ एक बार फिर धर्म, आस्था और वैदिक परंपराओं के रंग में रंगने जा रहा है। यहां आगामी […]

You May Like