
सीमांत क्षेत्र के बच्चों के चेहरे खिले, माइंड मिटंस फाउंडेशन ने बांटी लेखन व खेल सामग्री
लक्ष्मण नेगी
ऊखीमठ : तल्लानागपुर के सीमांत क्षेत्र घिमतोली के स्वारी ग्वास में शिक्षा और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए माइंड मिटंस फाउंडेशन की ओर से सराहनीय पहल की गई। फाउंडेशन ने प्राथमिक विद्यालय ग्वास, प्राथमिक विद्यालय स्वारी और जूनियर हाईस्कूल स्वारी ग्वास के छात्र-छात्राओं को लेखन सामग्री और खेल सामग्री वितरित की।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों और अभिभावकों ने फाउंडेशन पदाधिकारियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया और उनके सामाजिक कार्यों की सराहना की। विद्यालयों में बच्चों को कॉपी, पेन, पेंसिल, ज्योमेट्री बॉक्स सहित अन्य शैक्षिक सामग्री के साथ फुटबॉल, वॉलीबॉल और अन्य खेल सामग्री वितरित की गई। सामग्री पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
फाउंडेशन की चेयरपर्सन ने कहा कि संस्था का उद्देश्य दूरस्थ और पिछड़े क्षेत्रों के बच्चों तक शिक्षा एवं खेल संसाधन पहुंचाकर उनके सर्वांगीण विकास में सहयोग करना है। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी केदार घाटी के विद्यालयों में बच्चों को ड्रेस, लेखन और खेल सामग्री वितरित की गई थी तथा भविष्य में मदमहेश्वर घाटी के विद्यालयों में भी सहयोग की योजना है।
पीटीए अध्यक्ष विनीता देवी ने फाउंडेशन के प्रयास को सराहनीय बताते हुए कहा कि इस तरह की पहल से बच्चों में शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ेगी और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम में भाजपा चोपता मंडल अध्यक्ष अर्जुन सिंह नेगी, महामंत्री दीपक नेगी, प्रधानाध्यापक वीरेन्द्र सिंह नेगी सहित कई अभिभावक और ग्रामीण मौजूद रहे।
