
चमोली के पत्रकारों ने मंत्री से मिलकर रखीं समस्याएं
देहरादून। भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष चन्द्रवीर गायत्री के नेतृत्व में चमोली जिले के जिला अध्यक्ष दिगपाल गुसाई व महामंत्री असवाल देहरादून पहुंचे। इस दौरान चमोली जिले के पत्रकारों से जुड़े विभिन्न मामलों को लेकर प्रतिनिधिमंडल ने कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा से मुलाकात कर समस्याओं से अवगत कराया।

देहरादून में जिला अध्यक्ष आशीष डोभाल और महामंत्री मनोज कुमार ने चमोली से आए पत्रकारों का स्वागत करते हुए उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। बाद में गढ़वाल मंडल के द्रोणा होटल में बैठक आयोजित कर राज्य वार्षिक सम्मेलन को लेकर चर्चा की गई।
बैठक में प्रदेश संगठन मंत्री विजयपाल रावत व गढ़वाल प्रभारी नवल किशोर खाली के साथ विचार-विमर्श के बाद 24 मई को राज्य स्तरीय सम्मेलन आयोजित करने पर सहमति बनी। सम्मेलन में मुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्रियों और राष्ट्रीय कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को आमंत्रित किए जाने का निर्णय लिया गया। साथ ही सभी जिलों के पत्रकारों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष चन्द्रवीर गायत्री ने कहा कि संगठन पत्रकारों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आश्वासन दिया कि संगठन का कोई भी प्रतिनिधि या उसके परिजन यदि राजधानी आते हैं, तो संगठन उनकी हरसंभव मदद के लिए तत्पर रहेगा। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि पत्रकारों की हर समस्या के समाधान के लिए वे हर समय तैयार हैं।
इसके अलावा रामनगर-कालागढ़ इकाई के गठन पर भी सहमति बनी। बैठक में गैरसैंण मंडल इकाई के सफल गठन के लिए मंडल प्रभारी अवतार सिंह रावत, अध्यक्ष महेशानंद जुयाल और महामंत्री दिलवर बिष्ट का आभार व्यक्त किया गया।

