
एडीजी ए.पी. अंशुमान व एसपी सुरजीत पँवार ने किए दर्शन, बीकेटीसी ने किया सम्मानित
संजय कुंवर
ज्योतिर्मठ (चमोली) : श्री बदरीनाथ धाम यात्रा की तैयारियों के बीच नोडल अधिकारी एवं अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) ए.पी. अंशुमान (IPS) और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पँवार ने गुरुवार सुबह ज्योतिर्मठ स्थित नृसिंह मंदिर में भगवान नृसिंह के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने प्रातःकालीन अभिषेक में भाग लेकर यात्रा की सफलता और श्रद्धालुओं की कुशलता की कामना की।
पूजा के बाद दोनों अधिकारियों ने आदि जगद्गुरु शंकराचार्य की पवित्र गद्दी के भी दर्शन कर आशीर्वाद लिया।
इस मौके पर बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती ने अधिकारियों को भगवान नृसिंह का अंगवस्त्र, प्रसाद और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
अधिकारियों ने कहा कि बदरीनाथ धाम यात्रा को लेकर सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क और तैयार है।

