
नंदप्रयाग। उत्तराखंड के ऐतिहासिक और पारंपरिक आयोजनों में शुमार बैसाखी मेले का शुभारंभ सोमवार को नंदप्रयाग में भव्य रूप से हुआ। वर्षों बाद आयोजित हो रहे इस मेले को लेकर क्षेत्र में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

मेले का उद्घाटन जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट ने किया। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष पृथ्वी सिंह रौतेला, जिला पंचायत सदस्य विपिन फर्स्वाण, सरोजिनी रावत, संतोषी देवी और रेखा बिष्ट सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
मेले के सफल आयोजन में उपाध्यक्ष शैलेंद्र सिंह बिष्ट, कोषाध्यक्ष सौरभ वैष्णव, अधिशासी अधिकारी एवं मेलाधिकारी शिखर सिंह नेगी, चंद्रशेखर पल्लव और दिलबर सिंह बर्तवाल का विशेष योगदान रहा। नगर पंचायत नंदप्रयाग के कर्मचारी और स्थानीय लोग भी बढ़-चढ़कर व्यवस्थाओं में जुटे हैं।
दो दिवसीय इस मेले में 13 और 14 अप्रैल को लोक संस्कृति की रंगत देखने को मिलेगी। उत्तराखंड के लोक गायक और कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रमों को लेकर लोगों में खासा उत्साह है।
स्थानीय लोगों की भारी भागीदारी से मेले का माहौल पूरी तरह उत्सवमय हो गया है। आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों से मेले में पहुंचकर इस पारंपरिक आयोजन का हिस्सा बनने की अपील की है।

