चमोली से ज्योतिर्मठ तक स्थलीय निरीक्षण, कपाट खुलने से पहले व्यवस्थाएं दुरुस्त करने का दावा
पेयजल, शौचालय, पार्किंग और क्षतिग्रस्त मार्गों की स्थिति जांची

संवाददाता, चमोली : चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले जिला प्रशासन ने तैयारियों की रफ्तार और निगरानी दोनों बढ़ा दी हैं। यात्रा मार्ग पर व्यवस्थाओं की हकीकत जानने के लिए जिलाधिकारी गौरव कुमार बुधवार को चमोली से ज्योतिर्मठ तक सड़क पर उतरे और पूरे यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पेयजल, शौचालय, पार्किंग और बारिश से प्रभावित मार्गों के सुधारीकरण कार्यों की स्थिति देखी।
डीएम ने गरुण गंगा-पाखी क्षेत्र में जल संस्थान द्वारा स्थापित वाटर एटीएम की जांच कर पानी की गुणवत्ता परखी। इसके अलावा यात्रा मार्ग पर सुलभ इंटरनेशनल द्वारा बनाए गए शौचालयों की साफ-सफाई और व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न पार्किंग स्थलों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति देखी और संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने माना कि हालिया बारिश के कारण कुछ स्थानों पर दिक्कतें आई हैं, लेकिन उन्होंने दावा किया कि कपाट खुलने से पहले यात्रा मार्ग पर सभी जरूरी कार्य पूरे कर लिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि क्षतिग्रस्त मार्गों के अधिकांश सुधारीकरण कार्य पूरे हो चुके हैं, जबकि बाकी कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यात्रा मार्ग पर पेयजल और शौचालयों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। साथ ही पार्किंग व्यवस्था को भी व्यवस्थित किया जा रहा है, ताकि यात्रा सीजन में श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
डीएम ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि यात्रा से जुड़े हर काम की लगातार मॉनिटरिंग की जाए और जहां कहीं कमी दिखाई दे, वहां तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना है।
हालिया बारिश के चलते कुछ चुनौतियां जरूर सामने आई हैं, लेकिन कपाट खुलने से पहले यात्रा से जुड़े सभी जरूरी कार्य पूरे कर लिए जाएंगे।
गौरव कुमार, जिलाधिकारी चमोली
