
खुशहाली और समृद्धि की कामना के साथ जौ की हरियाली का विसर्जन
लक्ष्मण नेगी
ऊखीमठ : नगर क्षेत्र अंतर्गत भटेश्वर वार्ड में बी माता का हरियाली पर्व पारंपरिक आस्था और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर पूरे वार्ड में धार्मिक वातावरण बना रहा और ग्रामीणों ने श्रद्धाभाव के साथ पर्व में भागीदारी निभाई।

हरियाली पर्व के तहत महिलाओं और ग्रामीणों द्वारा अपने-अपने घरों में बोई गई जौ की हरियाली को एकत्रित कर पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ प्राकृतिक जलस्रोत तक ले जाया गया। वहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद जौ की हरियाली का विसर्जन किया गया।
पूर्व प्रधान प्रकाश रावत ने बताया कि यह पर्व प्रकृति, कृषि और समृद्धि से जुड़ा हुआ है। हरियाली के विसर्जन के दौरान ग्रामीणों ने विश्व शांति, क्षेत्र की उन्नति, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान महिलाओं ने भजन-कीर्तन और लोकगीतों के माध्यम से वातावरण को भक्तिमय बना दिया, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
पर्व के आयोजन में महिलाओं और युवाओं की विशेष भागीदारी रही। पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं ने समूह बनाकर पूजा-अर्चना की और सामाजिक एकता व भाईचारे का संदेश दिया।
पूर्व सभासद रवीन्द्र रावत ने कहा कि हरियाली पर्व क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसे पीढ़ी दर पीढ़ी संजोकर रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह पर्व केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति सम्मान और सामाजिक समरसता का भी परिचायक है।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ ग्रामीणों ने युवाओं को इस परंपरा के महत्व के बारे में जानकारी दी और भविष्य में भी इसे इसी उत्साह के साथ मनाने का आह्वान किया। भटेश्वर वार्ड में आयोजित इस आयोजन ने एक बार फिर यह साबित किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी परंपराएं जीवित हैं और लोग पूरे श्रद्धाभाव के साथ अपने रीति-रिवाजों का निर्वहन कर रहे हैं।
इस मौके पर ग्राम समिति अध्यक्ष दलपत सिंह पंवार, पूर्व प्रधान इन्दु देवी रावत, महेश बर्त्वाल, रेखा रावत, राकेश तिवारी, गीता देवी, महिला मंगल दल अध्यक्ष अंजू देवी, सन्तोष शैव, भरत सिंह रावत, शंकर रावत, वीरेन्द्र रावत, मनोरमा पुष्वाण, भरोसी रावत, सरला देवी, सविता देवी, गीता देवी सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।

