
जोशीमठ पीजी कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने चलाया स्वच्छता अभियान, 60 किलो से अधिक प्लास्टिक कचरा किया एकत्र
संजय कुंवर, औली/ चमोली
गंगा स्वच्छता पखवाड़ा के तहत राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जोशीमठ की नमामि गंगे इकाई की ओर से औली बुग्याल और अंतरराष्ट्रीय हिमक्रीड़ा स्थल पर स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने स्वच्छ गंगा और स्वच्छ पर्यावरण का संदेश देते हुए विभिन्न स्थानों पर रैली और सफाई अभियान संचालित किया।

कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय परिसर में हुई, जहां प्राचार्य प्रो. प्रीति कुमारी ने छात्र-छात्राओं को गंगा स्वच्छता शपथ दिलाई। उन्होंने अपने संबोधन में गंगा के राष्ट्रीय महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गंगा केवल एक नदी नहीं, बल्कि देश की आस्था, संस्कृति और जीवनधारा है, इसलिए इसके संरक्षण की जिम्मेदारी हम सभी की है। इसके बाद उन्होंने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

रैली महाविद्यालय से शुरू होकर ज्ञान गंगा धारा, जोशीमठ पहुंची, जहां छात्र-छात्राओं ने स्वच्छता अभियान चलाते हुए करीब 10 किलो प्लास्टिक कचरा एकत्र किया। बाद में इस कचरे को नगर पालिका के कूड़ेदान में डाला गया।
इसके बाद महाविद्यालय के स्वयंसेवी औली पहुंचे, जहां हनुमान मंदिर परिसर से स्वच्छता अभियान की शुरुआत की गई। यह अभियान अंतरराष्ट्रीय स्कीइंग स्थल होते हुए औली स्थित आर्टिफिशियल लेक के आसपास तक चलाया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने करीब 50 से 55 किलो प्लास्टिक कचरा एकत्र कर उसे भी नगर पालिका के कूड़ेदान में निस्तारित किया।
अभियान के माध्यम से महाविद्यालय की नमामि गंगे इकाई ने देशवासियों से गंगा को स्वच्छ और निर्मल बनाए रखने की अपील की। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. रणजीत सिंह मार्तोलिया, डॉ. किशोरी रवाटा, छात्रसंघ अध्यक्ष दिव्यांशु रावत, कोषाध्यक्ष स्नेहा डिमरी, सह सचिव मनीषा बुटोला सहित 80 से अधिक छात्र-छात्राएं शामिल रहीं।
महाविद्यालय के नमामि गंगे के नोडल अधिकारी धीरेंद्र सिंह और सहायक नोडल अधिकारी लेफ्टिनेंट राजेंद्र सिंह ने पूरे अभियान का नेतृत्व किया।
