छात्र-छात्राओं की प्रस्तुतियों ने बांधा समां, कला-साहित्य क्षेत्र की विभूतियां सम्मानित
लक्ष्मण नेगी
ऊखीमठ। गुप्तकाशी स्थित डॉ. जैक्स वीन नेशनल स्कूल में विश्व रंगमंच दिवस हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने नाटक, लोकनृत्य, गीत और संवाद अदायगी के माध्यम से रंगमंच की सार्थकता को जीवंत कर दिया। रंगारंग प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। विद्यालय परिसर सांस्कृतिक रंगों से सराबोर नजर आया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों में सामाजिक सरोकार, लोक संस्कृति और नैतिक मूल्यों का प्रभावी संदेश दिया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।

इस अवसर पर वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. डी.आर. पुरोहित तथा राज्यमंत्री चंडी प्रसाद भट्ट ने कहा कि रंगमंच समाज का दर्पण है और यह व्यक्तित्व विकास का सशक्त माध्यम भी है। उन्होंने विद्यार्थियों को कला, साहित्य और संस्कृति के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित भी किया गया। विद्यालय की छात्रा कृतिका राणा को विभिन्न सांस्कृतिक आयोजनों में उत्कृष्ट अभिनय एवं प्रस्तुति के लिए ‘उत्तरांचल नाट्य कलानिधि सम्मान’ से नवाजा गया। वहीं रंगमंच से जुड़े विविध क्षेत्रों में लंबे समय से योगदान देने पर आचार्य सुरेशानंद गौड़, मुकेश चंद्र अंथवाल और दीपक नेगी को ‘भरतमुनि नाट्य गौरव शिरोमणि सम्मान-2026’ प्रदान किया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं प्रबंधन समिति के सदस्यों ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि रंगमंच बच्चों में आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति क्षमता और सामाजिक समझ को विकसित करता है।
कार्यक्रम का संचालन रंगकर्मी एवं प्रधानाचार्य लखपत सिंह राणा ने किया। इस अवसर पर समिति के चेयरपर्सन मनोज कुमार बेंजवाल, अभिभावक-शिक्षक संघ अध्यक्ष आशीष राणा, वरिष्ठ रंगकर्मी सुरेशानंद नौटियाल सहित बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षक और क्षेत्रीय गणमान्य लोग मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए विद्यालय परिवार को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
