गौचर : अमृत गंगा योजना की खोली पोल, पहली बारिश में धंसने लगे नए रास्ते

Team PahadRaftar

पालिका के रास्ते तोड़कर बिछाई जा रही पाइपलाइन, पुनर्निर्माण की गुणवत्ता पर उठे सवाल

के.एस. असवाल, गौचर। नगर पालिका गौचर क्षेत्र में महत्वाकांक्षी अमृत गंगा योजना के तहत मित्तल ग्रुप कंपनी की ओर से पाइपलाइन बिछाने का काम तेजी से चल रहा है। योजना के तहत नगर के विभिन्न वार्डों में पालिका की ओर से पहले से बनाए गए रास्तों को तोड़कर पाइपलाइन बिछाई जा रही है। पाइपलाइन बिछाने के बाद इन रास्तों को पूर्व की स्थिति में लाने का दावा किया गया था, लेकिन बारिश ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

वार्ड नंबर छह में हाल ही में पुनर्निर्मित किए गए रास्ते मूसलाधार बारिश के दौरान कई जगह से धंसने और खोखले होने लगे हैं। इससे स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि रास्तों के पुनर्निर्माण में मानकों का पालन नहीं किया गया तो आने वाले समय में परेशानी बढ़ सकती है।

बताया जा रहा है कि कंपनी ने क्षतिग्रस्त रास्तों के पुनर्निर्माण का काम निजी ठेकेदारों को सौंपा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण में पर्याप्त मजबूती नहीं होने के कारण पहली तेज बारिश में ही रास्ते प्रभावित होने लगे हैं। उन्होंने संबंधित विभाग से निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने और मानकों के अनुरूप रास्तों का पुनर्निर्माण कराने की मांग की है।

कंपनी को दिए रास्ते ठीक करने के निर्देश

नगर पालिका अध्यक्ष संदीप नेगी ने बताया कि पालिका क्षेत्र के सभी वार्डों में चल रहे कार्यों और रास्तों की स्थिति की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि निर्माण कंपनी को क्षतिग्रस्त रास्तों को दोबारा ठीक करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही रास्तों पर टाइल लगाकर उन्हें पूर्व की स्थिति में लाने को कहा गया है।

उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और रास्तों को मानकों के अनुरूप दुरुस्त कराया जाएगा।

Leave a Reply

You May Like