चमोली : गौचर में गैस संकट से होटल-रेस्तरां व्यवसाय प्रभावित, आपूर्ति बहाली की उम्मीद

Team PahadRaftar

गौचर में गैस संकट से होटल-रेस्तरां व्यवसाय प्रभावित, आपूर्ति बहाली की उम्मीद

कई दिनों की किल्लत के बाद KYC प्रक्रिया तेज, जल्द सामान्य होगी सप्लाई

केएस असवाल 

गौचर। नगर पालिका क्षेत्र में बीते कई दिनों से गैस आपूर्ति बाधित होने और कमर्शियल सिलेंडरों की कमी के कारण होटल एवं रेस्तरां व्यवसाय बुरी तरह प्रभावित हुआ है। गैस की किल्लत से जहां कारोबार ठप होने की स्थिति में पहुंच गया है, वहीं कर्मचारियों के रोजगार पर भी संकट गहराने लगा है।

नगर क्षेत्र और आसपास के होटलों, रेस्तरां व होमस्टे संचालकों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि कई व्यवसायी वैकल्पिक व्यवस्था के तहत इलेक्ट्रॉनिक व डीजल चूल्हों का सहारा लेने को मजबूर हैं।

हालांकि राहत की बात यह है कि गैस आपूर्ति को सामान्य करने की दिशा में प्रयास तेज कर दिए गए हैं। भारत गैस कंपनी के कर्मचारियों के अनुसार 17 मार्च को मेला मैदान में 250 सिलेंडरों का वितरण किया गया था। साथ ही जिन उपभोक्ताओं की केवाईसी प्रक्रिया लंबित थी, उसे तेजी से पूरा किया जा रहा है। बुधवार तक करीब 300 से अधिक उपभोक्ताओं का सत्यापन हो चुका है।

अधिकारियों का कहना है कि शेष उपभोक्ताओं को भी शुक्रवार-शनिवार तक गैस उपलब्ध करा दी जाएगी, जिससे आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह पटरी पर लौटने की उम्मीद है।

वहीं, कुछ होटल व्यवसायियों ने पेट्रोल पंपों पर डीजल की सीमित उपलब्धता को भी एक अतिरिक्त समस्या बताया है, जिससे वैकल्पिक व्यवस्थाएं भी प्रभावित हो रही हैं।

अध्यक्ष राकेश लिंगवाल ने पत्र भेजकर व्यवसायिक व घरेलू गैस उपलब्ध कराने की उठाई मांग

गौचर : नगरपालिका क्षेत्र गौचर में लगातार बनी गैस किल्लत को लेकर व्यापार संघ अध्यक्ष राकेश लिंगवाल ने जिलाधिकारी चमोली को पत्र भेजकर शीघ्र गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।

प्रेषित पत्र में उन्होंने कहा कि लंबे समय से व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति बाधित होने के कारण होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट सहित छोटे व्यापारियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गैस की कमी से व्यापार प्रभावित हो रहा है और कारोबारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

उन्होंने यह भी बताया कि रसोई गैस की कमी से आम जनता भी परेशान है, जिससे दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। यह स्थिति व्यापारियों और उपभोक्ताओं दोनों के लिए गंभीर समस्या बन गई है।

व्यापार संघ अध्यक्ष ने जिलाधिकारी से मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश जारी कर जल्द से जल्द गैस आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है।

Next Post

ऊखीमठ : गडगू का ऐतिहासिक फैसला, नशामुक्त समाज की ओर बढ़ा कदम

ग्राम पंचायत गडगू का सराहनीय निर्णय : सार्वजनिक आयोजनों में शराब परोसने पर पूर्ण रोक महिलाओं और युवाओं ने संभाली कमान, नशामुक्त गांव के लिए जन-जागरूकता अभियान तेज लक्ष्मण नेगी  ऊखीमठ : मदमहेश्वर घाटी की ग्राम पंचायत गडगू ने सामाजिक सुधार की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल करते हुए सार्वजनिक […]

You May Like