ग्राम पंचायत गडगू का सराहनीय निर्णय : सार्वजनिक आयोजनों में शराब परोसने पर पूर्ण रोक
महिलाओं और युवाओं ने संभाली कमान, नशामुक्त गांव के लिए जन-जागरूकता अभियान तेज
लक्ष्मण नेगी
ऊखीमठ : मदमहेश्वर घाटी की ग्राम पंचायत गडगू ने सामाजिक सुधार की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल करते हुए सार्वजनिक कार्यों एवं आयोजनों में शराब परोसने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। ग्राम सभा के इस फैसले के बाद पूरे क्षेत्र में सकारात्मक माहौल बना हुआ है और ग्रामीण इसे नशामुक्त समाज की ओर मजबूत कदम मान रहे हैं।

ग्राम प्रधान श्रीमती सरिता नेगी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया। बैठक में कहा गया कि विवाह, धार्मिक अनुष्ठान और अन्य सामाजिक कार्यक्रमों में शराब के सेवन से सामाजिक ताना-बाना प्रभावित होता है, जिससे विवाद, घरेलू हिंसा और अन्य बुराइयों को बढ़ावा मिलता है।
निर्णय के बाद महिला मंगल दल, युवक मंगल दल और सामाजिक संगठनों ने गांव में व्यापक जन-जागरूकता अभियान शुरू कर दिया है। ग्रामीणों ने रैलियां निकालकर, नारे लगाकर और घर-घर संपर्क कर लोगों को शराब के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। महिलाओं ने साफ कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण में सामूहिक भागीदारी जरूरी है और वे इस अभियान को लगातार आगे बढ़ाती रहेंगी।
युवाओं ने भी इस पहल में सक्रिय भूमिका निभाते हुए सार्वजनिक आयोजनों में शराब परोसने वालों के खिलाफ सामाजिक स्तर पर सख्त रुख अपनाने की बात कही। उन्होंने सभी ग्रामीणों से इस निर्णय का पालन करने की अपील की।
इस संबंध में ग्राम प्रधान और ग्रामीणों के प्रतिनिधिमंडल ने उपजिलाधिकारी अनिल सिंह रावत को ज्ञापन सौंपकर प्रशासन से निगरानी और सहयोग की मांग की है, ताकि इस निर्णय को प्रभावी रूप से लागू किया जा सके।
ग्रामीणों का मानना है कि इस पहल से गांव में सामाजिक समरसता बढ़ेगी, पारिवारिक माहौल सुधरेगा और युवा पीढ़ी नशे से दूर रहकर सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ेगी। यह निर्णय अन्य गांवों के लिए भी प्रेरणास्रोत बन सकता है।
