रुद्रप्रयाग में कैबिनेट मंत्री बनने पर भरत सिंह चौधरी का भव्य स्वागत, 2027 में दोनों सीट जीतने का दावा
गृह जनपद पहुंचने पर जगह-जगह अभिनंदन • कार्यकर्ताओं से बोले—जनता की उम्मीदों पर खरा उतरूंगा
लक्ष्मण नेगी रिपोर्ट
रुद्रप्रयाग विधानसभा से विधायक भरत सिंह चौधरी के प्रदेश सरकार में मंत्री बनने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। गृह जनपद आगमन पर खांकरा, नरकोटा, बायपास सहित जिला मुख्यालय, भाजपा जिला कार्यालय और उनके आवास पर कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से अभिनंदन किया।
शनिवार को भाजपा कार्यालय पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर उत्साह जताया। इसके बाद मंत्री ने कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए संगठन की मजबूती और विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही।
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि जिले से किसी विधायक का मंत्री बनना सौभाग्य की बात है। उन्होंने विश्वास जताया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा कार्यकर्ता पूरी ताकत से जिले की दोनों सीटें जीतने का कार्य करेंगे।
कैबिनेट में स्थान मिलने पर मंत्री भरत सिंह चौधरी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि भाजपा का हर कार्यकर्ता उनके लिए परिवार का सदस्य है।
उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन का जिक्र करते हुए कहा कि 25 वर्षों के संघर्ष और 40 वर्षों की सक्रिय राजनीति के बाद उन्हें यह जिम्मेदारी मिली है। उन्होंने इसे जनपदवासियों का आशीर्वाद बताते हुए सभी का धन्यवाद किया।
चौधरी ने कहा कि जिले में पहली बार किसी स्थानीय व्यक्ति को मंत्री पद मिलना गर्व की बात है। उन्होंने दावा किया कि 2027 में भाजपा जिले की दोनों सीटों पर जीत दर्ज करेगी और प्रदेश में एक बार फिर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार बनेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और राज्य सरकार के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं और उत्तराखंड को सशक्त व समृद्ध बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम का समापन जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत ने किया, जबकि संचालन जिला महामंत्री अरुण चमोली ने किया। इस मौके पर भाजपा के जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व आम जनता मौजूद रही।

