पहाड़ में शिक्षा की अलख, ग्वांस गांव में शुरू हुई कम्युनिटी लाइब्रेरी
घिमतोली के ग्वांस गांव में खुली ‘आगाज कम्युनिटी लाइब्रेरी’, अब गांव में ही मिलेगा ज्ञान का उजाला
लक्ष्मण नेगी
ऊखीमठ : तल्लानागपुर क्षेत्र के सीमांत ग्राम घिमतोली के ग्वांस गांव में शिक्षा की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए आगाज यूथ क्लब श्रीनगर गढ़वाल’ के सहयोग से आगाज कम्युनिटी लाइब्रेरी का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों और नौनिहालों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।

यह लाइब्रेरी क्षेत्र के सभी ग्रामीणों और बच्चों के लिए पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध रहेगी। लाइब्रेरी में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक के लिए विभिन्न विषयों की पुस्तकें उपलब्ध कराई गई हैं, जिनमें प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, सामान्य ज्ञान, व्यक्तित्व विकास और प्रेरणादायक साहित्य प्रमुख हैं।

आगाज यूथ क्लब के अध्यक्ष हरीश चन्द्र तिवारी ने बताया कि क्लब का उद्देश्य केवल किताबें उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि गांवों में एक सकारात्मक शैक्षिक माहौल तैयार करना है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक माह छात्रों के लिए काउंसलिंग सत्र, ग्रुप डिस्कशन, पब्लिक स्पीकिंग, करियर गाइडेंस और रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन भी किया जाएगा, ताकि बच्चों को व्यावहारिक ज्ञान से जोड़ा जा सके।
सचिव धीरज सिंह नेगी ने कहा कि क्लब का लक्ष्य उत्तराखंड के हर गांव में ‘आगाज कम्युनिटी लाइब्रेरी’ स्थापित करना है, जिससे पहाड़ी क्षेत्रों में शिक्षा को मजबूत आधार मिल सके और युवाओं को गांव में ही बेहतर अवसर मिलें।

कार्यक्रम में प्रधान प्रतिनिधि शंकर सिंह नेगी, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य अर्जुन सिंह नेगी सहित अन्य वक्ताओं ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे ग्रामीणों में जागरूकता बढ़ेगी और बच्चों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
गांव पहुंचने पर यूथ क्लब के सदस्यों का वन पंचायत सरपंच धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में ग्रामीणों ने भव्य स्वागत किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और युवा मौजूद रहे। ग्वांस गांव में शुरू हुई यह लाइब्रेरी न केवल शिक्षा का केंद्र बनेगी, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक नई दिशा और संभावनाओं के द्वार भी खोलेगी।
इस मौके पर भाजपा मण्डल महामंत्री दीपक नेगी, रघुनाथ सिंह नेगी,लीगल एडवाइजर नितिन मलेठा , ग्राम सभा नव युवक मंगल दल अध्यक्ष राकेश सिंह नेगी, वीरेन्द्र सिंह नेगी महेश सिंह नेगी, अमिता, सयन सिंह नेगी,अंजलि, पंकज सिंह नेगी सवि, सपना, कुंवर सिंह नेगी, शारदा देवी, दिव्यांशु, जय कैलाश सिंह नेगी,आशुतोष नेगी, योगेश चंद्र, आयुष पालीवाल, सुभाष रावत, पंकज बिंदास, ऋषभ नेगी, परिधि चौधरी आदि उपस्थित रहे।

