गौचर में खुला हरिओम सोलर एनर्जी का नया कार्यालय, स्वरोजगार और सौर ऊर्जा को मिलेगा बढ़ावा
केएस असवाल गौचर। नगर क्षेत्र गौचर में स्वरोजगार, पलायन रोकथाम और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने की पहल के तहत भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह रावत ने हरिओम सोलर एनर्जी के नए आउटलेट एवं जनसेवा कार्यालय का शुभारंभ किया। भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल रावत और कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश नेगी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर व फीता काटकर कार्यालय का उद्घाटन किया।

लक्ष्मण सिंह रावत ने बताया कि कार्यालय के माध्यम से स्थानीय युवाओं और महिलाओं को रोजगार से जोड़ने के साथ ही सौर ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक गतिविधियों और स्वरोजगार से जुड़े कार्यों को बढ़ावा दिया जाएगा। केंद्र के माध्यम से प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के प्रति लोगों को जागरूक कर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने के लिए तकनीकी मार्गदर्शन और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
इड़ा गांव में तैयार किया स्वरोजगार का मॉडल
लक्ष्मण सिंह रावत लंबे समय से स्वरोजगार के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने अपने पैतृक गांव इड़ा में कीवी, सेब उत्पादन, दुग्ध डेयरी, मत्स्य पालन और फल-सब्जी उत्पादन को बढ़ावा देकर महिला समूहों और स्थानीय लोगों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम किया है। अब इसी मॉडल को व्यापक स्तर पर क्षेत्र में लागू करने का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने कहा कि गौचर और आसपास के क्षेत्रों में सौर ऊर्जा तथा स्वरोजगार के नए अवसर विकसित कर युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। इस दौरान भाजपा गौचर मंडल के पदाधिकारी, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि, मातृशक्ति, सामाजिक कार्यकर्ता और पत्रकार मौजूद रहे।
