केएस असवाल गौचर। नगर क्षेत्र के मुख्य बाजार स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान पर शुक्रवार को ओवररेटिंग को लेकर ग्राहकों और विक्रेताओं के बीच जमकर हंगामा हो गया। शराब उपभोक्ताओं ने निर्धारित मूल्य से अधिक दरों पर शराब बेचने का आरोप लगाया, जबकि दुकान संचालक ने ग्राहकों द्वारा अभद्र व्यवहार किए जाने की बात कही।
शराब उपभोक्ता चंदपाल ने आरोप लगाया कि 175 रुपये मूल्य वाला पौवा 190 रुपये में बेचा जा रहा है। उन्होंने कहा कि अतिरिक्त 15 रुपये देने से इनकार करने पर शराब विक्रेताओं ने उनके साथ गाली-गलौज की। इसके बाद मौके पर अन्य लोग भी एकत्र हो गए और दुकान पर विरोध जताने लगे।
मौके पर मौजूद नारायण बहादुर, राकेश और सुरेंद्र कुमार सहित अन्य लोगों ने आरोप लगाया कि दुकान पर लंबे समय से निर्धारित मूल्य से अधिक रकम वसूली जा रही है। उनका कहना है कि पौवा पर 15 रुपये, हाफ बोतल पर 20 रुपये और पूरी बोतल पर भी अतिरिक्त 20 रुपये लिए जाते हैं।
वहीं शराब दुकान के स्वामी मुकेश गुणसोला ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यदि कोई ग्राहक अभद्रता करेगा तो विवाद होना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि मामले को बेवजह तूल दिया जा रहा है।
इधर, आबकारी निरीक्षक कर्णप्रयाग ने स्पष्ट कहा कि शराब की बोतलों पर अंकित मूल्य से अधिक दर पर बिक्री नहीं की जा सकती। यदि ओवररेटिंग की शिकायत मिलती है तो मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद क्षेत्र में शराब की दुकानों पर मूल्य से अधिक वसूली को लेकर चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय लोगों ने आबकारी विभाग से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
