बारिश के बीच निकली श्रीकृष्ण की भव्य झांकी, रस्साकस्सी में महिला वर्ग में शारदा क्लब रहा विजेता
केएस असवाल, गौचर। गौचर नगर पालिका क्षेत्र में शनिवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास और धार्मिक आस्था के साथ मनाया गया। बारिश के बावजूद नगर के मुख्य बाजार में भगवान श्रीकृष्ण की भव्य झांकी निकाली गई। श्रद्धालुओं ने झांकी का स्वागत कर भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाए। देर रात तक पूरा नगर कृष्ण भक्ति में डूबा रहा।

नगर के श्रीकृष्ण गोसदन समिति परिसर में क्षेत्र की विभिन्न कीर्तन मंडलियों ने देर रात तक भजन-कीर्तन प्रस्तुत किए। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का इंतजार भक्ति और उल्लास के साथ किया।
जनकल्याण लोक सेवा समिति के तत्वावधान में मेला मैदान में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर नाट्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके साथ ही महिलाओं और पुरुषों की अलग-अलग टीमों के बीच रस्साकस्सी प्रतियोगिता हुई। महिला वर्ग में शारदा क्लब गौचर की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विजेता टीम को 1100 रुपये नकद पुरस्कार और ट्रॉफी प्रदान की गई। पुरुष वर्ग में आईटीवीपी गौचर की टीम विजेता रही।
दही-हांडी में आईटीवीपी ने मारी बाजी
बारिश के बावजूद दही-हांडी प्रतियोगिता में लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ। प्रतियोगिता में तीन टीमों ने प्रतिभाग किया। रोमांचक मुकाबले के बाद आईटीवीपी गौचर की टीम ने दही-हांडी फोड़कर प्रथम स्थान हासिल किया। विजेता टीम को 5100 रुपये नकद पुरस्कार और ट्रॉफी प्रदान की गई।

कार्यक्रम में श्रीकृष्ण गोसदन समिति के अध्यक्ष भीम सिंह गुंसाई, संरक्षक देवेंद्र बिष्ट, गौ सेवा आयोग के सदस्य राजीव चौहान, नरेंद्र बिष्ट, विनीत रावत, महावीर रावत, पूरन सिंह चौधरी और मुकेश नेगी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन में खेल प्रेमी राजेंद्र सिंह नेगी का विशेष सहयोग रहा।
भंडारे में भी किया सहयोग
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के दौरान आयोजित भंडारे को सफल बनाने में आईटीवीपी के डिप्टी कमांडेंट समेत दीप चंद सरोद, राजेश, विपुल रावत, अनिल भंडारी और बबन रावत ने सहयोग किया। आयोजकों ने सभी सहयोगियों का आभार जताया। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद लिया।

