चमोली : गौचर में मशरूम की खेती सीखने उमड़े किसान, वैज्ञानिक तकनीकों से बढ़ेगी आय

Team PahadRaftar

केएस असवाल गौचर। किसानों की आय बढ़ाने और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्य उद्यान अधिकारी, चमोली के सौजन्य से शनिवार को गौचर के ब्लॉक सभागार में एक दिवसीय मशरूम प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में 50 से अधिक किसानों ने प्रतिभाग कर मशरूम उत्पादन की आधुनिक तकनीकों की जानकारी हासिल की।

प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर कुंवर सिंह बिष्ट ने किसानों को मशरूम उत्पादन की वैज्ञानिक विधि, उन्नत तकनीक, उत्पादन बढ़ाने के उपाय तथा विपणन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कम लागत में मशरूम की खेती किसानों के लिए अतिरिक्त आय का बेहतर माध्यम बन सकती है।

कार्यक्रम के दौरान उद्यान विभाग ने किसानों से सुझाव भी लिए और मशरूम उत्पादन में आने वाली समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया। साथ ही विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देकर किसानों से उनका अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया गया।

ज्येष्ठ उद्यान अधिकारी इंदर सिंह चौहान ने विभागीय योजनाओं और प्रशिक्षण कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी साझा करते हुए किसानों को आधुनिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर नरेन्द्र बिष्ट, कविता परिहार, अनुसूया बनौल, नेहा, मनोज, विक्रम राणा सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। प्रशिक्षण के अंत में किसानों ने नियमित तकनीकी मार्गदर्शन और ऐसे कार्यक्रमों के निरंतर आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया।

Leave a Reply

You May Like