चमोली : विद्यालय के राजकीयकरण व उच्चीकरण की मांग, नहीं हुआ समाधान तो विधानसभा चुनाव बहिष्कार की चेतावनी

Team PahadRaftar

केएस असवाल पोखरी (चमोली)। विकासखंड पोखरी के ग्राम सभा बमोथ के ग्रामीणों ने अशासकीय सहायता प्राप्त जनता उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बमोथ का राजकीयकरण और उच्चीकरण नहीं होने पर आगामी विधानसभा चुनाव के बहिष्कार की चेतावनी दी है। इस संबंध में पंचायत भवन में आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया।

ग्राम प्रधान श्रीमती रूचि देवी ठाकुर की अध्यक्षता में हुई बैठक में ग्रामीणों ने कहा कि वर्ष 1977 में क्षेत्र के लोगों ने अपने प्रयासों से जूनियर हाईस्कूल की स्थापना की थी, जिसे वर्ष 1999 में हाईस्कूल स्तर तक उच्चीकृत किया गया। बावजूद इसके, 26 वर्ष बीत जाने के बाद भी विद्यालय का प्रांतीयकरण और उच्चीकरण नहीं हो पाया है। इससे विद्यालय और यहां अध्ययनरत छात्र-छात्राएं सरकारी विद्यालयों को मिलने वाली सुविधाओं से वंचित हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालय प्रबंधन समिति, ग्राम पंचायत और क्षेत्र की जनता वर्षों से शासन, प्रशासन और शिक्षा विभाग से विद्यालय के राजकीयकरण और उच्चीकरण की मांग कर रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

बैठक में बमोथ-जलेश्वर महादेव मोटर मार्ग का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। ग्रामीणों ने बताया कि करीब 12 वर्ष पूर्व इस सड़क को स्वीकृति मिल चुकी थी और वन विभाग ने मार्ग में आने वाले पेड़ों का कटान भी कर दिया था, लेकिन निर्माण कार्य आज तक शुरू नहीं हो सका।

ग्रामीणों ने निर्णय लिया कि विद्यालय और मोटर मार्ग की मांग को लेकर जल्द ही एक शिष्टमंडल प्रशासन से मुलाकात करेगा। यदि इसके बाद भी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो ग्राम सभा के लोग आगामी विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करने को बाध्य होंगे।

बैठक में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि प्रीतम ठाकुर, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रदीप लखेड़ा, विद्यालय प्रबंधन समिति के प्रबंधक संजय लखेड़ा, पूर्व प्रबंधक मदन मोहन भट्ट, अरविंद गैरोला, बृजमोहन भट्ट, चक्रधर चमोला, चंडी प्रसाद पंत, धीरेन्द्र नेगी, नागेंद्र सिंह नेगी, राजेश्वर प्रसाद सिलोड़ा, मदन लाल सहित युवक मंगल दल, महिला मंगल दल, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Next Post

चमोली : सावन के पहले सोमवार पर शिवमय हुआ चमोली, शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब

संजय कुंवर ज्योतिर्मठ/गोपेश्वर। श्रावण मास के पहले सोमवार पर पूरे चमोली जनपद में आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। ब्रह्म मुहूर्त से ही जिले के प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष, शंखनाद और मंदिरों की घंटियों की गूंज से […]

You May Like