
गरज-चमक, आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और तेज हवाओं की चेतावनी
पहाड़ रफ्तार
देहरादून। मौसम विभाग ने शनिवार को उत्तराखंड के पांच पर्वतीय जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने, ओलावृष्टि और तेज झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। राज्य के अन्य जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून के पूर्वानुमान के अनुसार इन जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जो कुछ स्थानों पर 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती हैं। खराब मौसम को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र, देहरादून ने संबंधित जिलों को सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए हैं।
ट्रैकिंग गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश
प्रशासन ने पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रैकिंग गतिविधियों को प्रतिकूल मौसम के दौरान नियंत्रित या प्रतिबंधित रखने को कहा है। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में आवागमन नियंत्रित करने और किसी भी आपदा या दुर्घटना की स्थिति में तत्काल स्थानीय कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
सड़क बहाली और फील्ड में तैनाती पर जोर
निर्देशों में कहा गया है कि यदि कहीं मोटर मार्ग बाधित होता है तो उसकी तत्काल बहाली कराई जाए। इसके अलावा राजस्व उपनिरीक्षक, ग्राम विकास अधिकारी और ग्राम पंचायत अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहें। सभी चौकियों और थानों को आपदा प्रबंधन उपकरण और वायरलेस सिस्टम के साथ हाई अलर्ट पर रहने को कहा गया है।
स्कूलों और पर्यटकों को लेकर भी सतर्कता
प्रशासन ने विद्यालयों में विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर जरूरी सावधानी बरतने को कहा है। साथ ही उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पर्यटकों की आवाजाही पर नजर रखने और जरूरत पड़ने पर उसे नियंत्रित करने के निर्देश दिए गए हैं। नगर और कस्बाई क्षेत्रों में नालियों और कल्वर्ट की सफाई कर जल निकासी व्यवस्था सुचारू रखने पर भी जोर दिया गया है।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने लोगों से मौसम संबंधी चेतावनियों को गंभीरता से लेने, सुरक्षित स्थानों पर रहने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
- उत्तरकाशी
- रुद्रप्रयाग
- चमोली
- बागेश्वर
- पिथौरागढ़

