केएस असवाल गौचर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खराब मौसम के कारण पौड़ी नहीं पहुंच पाने के प्रकरण पर कांग्रेस नेता एवं 2022 कर्णप्रयाग विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी रहे मुकेश नेगी ने नागरिक उड्डयन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मौसम का हवाला देकर राहुल गांधी के हेलीकॉप्टर को उड़ान की अनुमति नहीं दी गई।
पहाड़ रफ्तार से बातचीत में मुकेश नेगी ने कहा कि यदि मौसम वास्तव में खराब था तो पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत का अल्मोड़ा से देहरादून तथा कांग्रेस के सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा का पौड़ी से देहरादून हेलीकॉप्टर से रवाना होना कैसे संभव हुआ। उन्होंने कहा कि इस मामले में नागरिक उड्डयन विभाग के महानिदेशक की भूमिका की जांच होनी चाहिए।
नेगी ने कहा कि राहुल गांधी के पौड़ी नहीं पहुंच पाने के बावजूद अल्मोड़ा और पौड़ी में हजारों की संख्या में पूर्व सैनिक, युवा, महिलाएं और कांग्रेस कार्यकर्ता कार्यक्रमों में पहुंचे। उन्होंने दावा किया कि पूर्व सैनिकों की वन रैंक-वन पेंशन, अग्निवीर योजना, अर्धसैनिक बलों की समस्याओं तथा उत्तराखंड से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा के लिए राहुल गांधी का दौरा प्रस्तावित था।
उन्होंने बताया कि राहुल गांधी ने वर्चुअल माध्यम से लोगों को संबोधित किया और अंकिता भंडारी के माता-पिता से भी बातचीत की। उनके अनुसार पौड़ी की रैली में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, युवा और मातृशक्ति की मौजूदगी प्रदेश में राजनीतिक बदलाव के संकेत दे रही है।
मुकेश नेगी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकारी संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे कदमों से जनता के बीच गलत संदेश जाता है। उनका दावा है कि अल्मोड़ा और पौड़ी में उमड़ी भीड़ ने यह संकेत दिया है कि जनता बदलाव चाहती है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का जल्द ही पुनः उत्तराखंड दौरा प्रस्तावित है। इसके बाद प्रियंका गांधी सहित कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ नेताओं के भी प्रदेश दौरे होंगे। नेगी ने मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
